
बालोद में सीवरेज खुदाई के दौरान मिट्टी धंसी, तीन मजदूरों की मौत
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में सीवरेज पाइपलाइन विस्तार कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र में खुदाई के समय अचानक मिट्टी धंसने से तीन मजदूर मलबे में दब गए, जिससे उनकी मौत हो गई।
मृतकों में एक महिला मजदूर भी शामिल बताई जा रही है।
सीवरेज पाइपलाइन का चल रहा था काम
जानकारी के अनुसार फुटबॉल ग्राउंड स्थित दास पान ठेला के सामने बीएसपी की सीवरेज पाइपलाइन परियोजना के तहत खुदाई का कार्य किया जा रहा था।
बताया गया कि जेसीबी और चेन माउंट मशीन से खुदाई के दौरान अचानक मिट्टी भरभराकर गिर गई और वहां काम कर रहे मजदूर दब गए।
मौके पर पहुंची राहत और बचाव टीम
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस, बीएसपी अधिकारियों और राहत-बचाव टीम ने मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने का काम शुरू किया।
काफी मशक्कत के बाद मजदूरों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी।
लापरवाही की आशंका, जांच शुरू
प्रारंभिक जांच में निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा संबंधी लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना की जानकारी मिलने पर कांकेर लोकसभा सांसद भोजराज नाग भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से जानकारी ली।
इलाके में शोक का माहौल
हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्यों में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने की मांग की है।


