बिलासपुर में खाद की कमी के बीच कालाबाजारी पर कार्रवाई, दो दुकानें सील

बिलासपुर। जिले में खाद की कमी के बीच कालाबाजारी की शिकायतें सामने आने के बाद प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए कार्रवाई की है। किसानों को पर्याप्त खाद नहीं मिलने से परेशानी बढ़ रही है, जिसके चलते कृषि विभाग की टीम ने विभिन्न दुकानों की जांच की।


गनियारी और तखतपुर में मिली अनियमितताएं

जांच के दौरान गनियारी और तखतपुर स्थित खाद दुकानों में वितरण को लेकर गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। इसके बाद कृषि विभाग की उड़नदस्ता टीम ने शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए दोनों दुकानों को सील कर दिया। साथ ही, इन पर 21 दिनों के लिए खाद बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।


खाद का स्टॉक 30% से भी कम

जानकारी के अनुसार, खरीफ सीजन के लिए जिले में कुल 68,950 मीट्रिक टन खाद की आवश्यकता है, जबकि सहकारी समितियों के पास अभी केवल 14,406 मीट्रिक टन खाद उपलब्ध है। इस तरह जिले में वर्तमान स्टॉक 30 प्रतिशत से भी कम रह गया है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।


निरीक्षण में सामने आई गड़बड़ी

उड़नदस्ता टीम ने मेसर्स किसान सेवा केंद्र तखतपुर और मेसर्स अमन कृषि केंद्र गनियारी का औचक निरीक्षण किया। जांच में किसान सेवा केंद्र तखतपुर में मशीन रिकॉर्ड में 750 बोरी यूरिया दर्ज थी, जबकि भौतिक रूप से केवल 550 बोरी ही पाई गई। वहीं 200 बोरी यूरिया बिना रिकॉर्ड के रखी गई थी।

इसी प्रकार गनियारी स्थित अमन कृषि केंद्र में मशीन रिकॉर्ड में 1679 बोरी यूरिया दर्ज थी, लेकिन मौके पर भौतिक स्टॉक नहीं मिला, जिससे रिकॉर्ड और वास्तविक स्थिति में भारी अंतर पाया गया।


उर्वरक नियमों का उल्लंघन

अधिकारियों के अनुसार, दोनों प्रतिष्ठानों में उर्वरक भंडारण एवं वितरण से संबंधित आवश्यक रजिस्टर भी संधारित नहीं पाए गए, जो उर्वरक (नियंत्रण) आदेश 1985 का उल्लंघन है। प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर दोनों दुकानों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।


टीम की मौजूदगी में हुई कार्रवाई

कार्रवाई के दौरान सहायक संचालक कृषि दिव्या गौतम, आर.एल. पैकरा (प्रभारी कृषि अधिकारी तखतपुर), उर्वरक निरीक्षक खुशबू साहू एवं उषा ध्रुव, तथा ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी नरेश चंदेल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Back to top button