बिलासपुर में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई : 3.24 लाख की अवैध इमारती लकड़ी जब्त, तस्कर फरार

बिलासपुर, 25 अप्रैल 2026। वन विभाग के उड़नदस्ता दल ने इमारती लकड़ियों की अवैध तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस के साथ संयुक्त छापेमारी में लाखों रुपए की लकड़ी जब्त की है। हालांकि कार्रवाई से पहले ही मुख्य आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।


कोटा वन परिक्षेत्र में अवैध कटाई की मिल रही थी सूचना

मुख्य वन संरक्षक और वनमंडल अधिकारी को कोटा वन परिक्षेत्र में जंगलों की अवैध कटाई कर सागौन, साल और शीशम जैसी कीमती लकड़ियों की तस्करी किए जाने की लगातार सूचना मिल रही थी। इसके बाद मैदानी अमले को सक्रिय कर मुखबिर तंत्र के जरिए निगरानी बढ़ाई गई।


उड़नदस्ता और पुलिस की संयुक्त छापेमारी

सूचना के आधार पर वन विभाग के उड़नदस्ता दल और पुलिस की संयुक्त टीम ने सर्च वारंट के साथ तखतपुर विकासखंड के अमलीकांपा गांव में पिंकू खांडे और गीता खांडे के घर दबिश दी।

तलाशी के दौरान घर की बाड़ी से बड़ी मात्रा में अवैध लकड़ी और एक रमदा मशीन बरामद की गई।


3.24 लाख की कीमती लकड़ी जब्त

जब्त वनोपज में 2.372 घन मीटर सागौन, 0.794 घन मीटर साल और 0.040 घन मीटर शीशम शामिल है। इनकी कुल कीमत लगभग ₹3,24,370 आंकी गई है।


आरोपी फरार, तलाश जारी

वन विभाग की टीम के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गया। फिलहाल उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

जब्त लकड़ी को सेल डिपो कोटा भेज दिया गया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Back to top button