बिलासपुर में 7 किलो गोमांस बरामद, घर के आंगन में काटते आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर, 04 मई 2026: जिले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 7 किलो गोमांस बरामद किया है। आरोपी अपने घर के आंगन में लोहे के औजार से मांस काटते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।


मुखबिर की सूचना पर पुलिस की कार्रवाई

मामला कोटा थाना क्षेत्र के बेलगहना चौकी अंतर्गत ग्राम करहीकछार का है। एडिशनल एसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह के अनुसार, सोमवार सुबह मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अपने घर में गोमांस काट रहा है।

सूचना पर टीआई नरेश चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।


आंगन में काट रहा था मांस

पुलिस जब मौके पर पहुंची तो आरोपी सुरेश कुमार सोनवानी (53) अपने घर के आंगन में बैठकर टंगली (लोहे के औजार) से मांस के टुकड़े काटता हुआ मिला।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मांस को सुखाकर रखता है और खाने के लिए उपयोग करता है।


मांस और औजार जब्त

पुलिस ने मौके से करीब 7 किलो मांस और उसे काटने में उपयोग किए गए औजार को जब्त किया। इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर चौकी ले जाया गया।


कानूनी कार्रवाई के बाद भेजा गया जेल

आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

Back to top button