युद्धवीर सिंह की असामयिक मृत्यु मेरे लिए पारिवारिक क्षति है – डॉ महंत

सक्ती। स्थानीय विधायक एवं विधानसभा अध्यक्ष डॉ चरणदास महंत ने चंद्रपुर के पूर्व विधायक युद्धवीर सिंह जूदेव की असामयिक मृत्यु पर शोक जताया।
डॉ महंत ने कहा कि स्व युद्धवीर सिंह जूदेव प्रदेश की राजनीति के साथ साथ प्रदेश की जनता के दिलों में राज करने वाले राजा थे। दो बार लगातार विधायक रहने के साथ साथ संसदीय सचिव व बेवरेज कॉरपोरेशन के अध्यक्ष भी रहे, वहीं भाजपा समर्थक होने के बाद भी सभी पार्टियों को समान सम्मान देते थे। डॉ महंत ने आगे कहा कि भले ही हम राष्ट्रीय दो अलग अलग दलों से हैं लेकिन युद्धवीर सिंह ने कभी भी इन बातों पर ध्यान नहीं दिया। प्रदेश की जनता के हित के लिए जूदेव परिवार हमेशा से खड़ा रहा, और समय आने पर लड़ा भी है। युद्धवीर का यूं चले जाना कहीं ना कहीं पूरे प्रदेश के लिए क्षति है। युद्धवीर का इस तरह से कम उम्र में दुनिया को अलविदा कहकर चले जाना मेरे लिए भी एक पारिवारिक क्षति है लेकिन नियति के सामने किसी की नहीं चलती है। डॉ महंत ने आगे कहा कि ईश्वर से यही प्रार्थना है कि स्व युद्धवीर जूदेव को अपने श्री चरणों में अच्छे से अच्छा स्थान दें और श्री जूदेव के परिवार को इस दुःख की बेला को सहन करने की हिम्मत प्रदान करें।