बेमेतरा : बिरनपुर में विधायक ईश्वर साहू के होर्डिंग का पोस्टर फाड़ने का आरोप, साजा थाने पहुंचकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने की कार्रवाई की मांग
Qबेमेतरा। जिले के बिरनपुर गांव में साजा विधायक ईश्वर साहू और भाजपा कार्यकर्ताओं के होर्डिंग पर लगे पोस्टर फाड़ने का मामला सामने आया है। भाजपा कार्यकर्ता डोमेंद्र वर्मा ने इस संबंध में साजा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस के मुताबिक, मामले में दोनों पक्षों की ओर से आवेदन मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट करने का भी आरोप
शिकायत के अनुसार, चोरभट्टी निवासी 24 वर्षीय धनंजय वर्मा पर मां शक्ति मंदिर के सामने लगाए गए होर्डिंग का फ्लेक्स फाड़ने का आरोप है। शिकायतकर्ता डोमेंद्र वर्मा का दावा है कि संबंधित युवक ने पहले इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया और इसके अगले दिन होर्डिंग को नुकसान पहुंचाया।
हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
30 हजार रुपये खर्च कर दोबारा बनवाया था होर्डिंग
डोमेंद्र वर्मा के मुताबिक, होर्डिंग पहले भी खराब हो चुका था, जिसके बाद इसे करीब 30 हजार रुपये खर्च कर दोबारा बनवाया गया था। घटना के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने साजा थाने पहुंचकर शिकायत की और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
दोनों पक्षों के आवेदन की जांच कर रही पुलिस
साजा थाना प्रभारी चंद्रदेव वर्मा ने बताया कि होर्डिंग का फ्लेक्स फाड़ने की शिकायत मिली है। इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से आवेदन प्राप्त हुए हैं। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
