ब्रेकिंग न्यूज़: भटगांव में दर्दनाक सड़क हादसा सीमेंट ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, वृद्ध महिला की सिर कुचलने से मौत

भटगांव, सारंगढ़-बिलाईगढ़। नगर पंचायत भटगांव के बिर्रा मोड़ स्थित दुर्गा मंदिर के पास आज सुबह करीब 9 बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सीमेंट से भरी एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भयानक था कि बाइक पर सवार वृद्ध महिला ट्रक के चक्के के नीचे आ गई और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि मृतक वृद्ध दंपति सराईपाली के रहने वाले हैं। वे पवनी से वापस सराईपाली लौट रहे थे, तभी बिर्रा मोड़ दुर्गा मंदिर के पास यह घटना घटी।

घटना की सूचना मिलते ही भटगांव पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को बिलाईगढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक चांपा की ओर जाते हुए देखा गया। पुलिस ने चांपा रोड पर नाकेबंदी कर वाहन की तलाश शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक ट्रक और चालक का कोई पता नहीं चल पाया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।

इधर, घटना की खबर मिलते ही महिला के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। परिजनों ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए ट्रक चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई और मुआवजे की मांग की है।

वहीं इस संबंध में पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा से चर्चा करने पर उन्होंने कहा कि बिर्रा मोड़ और बस स्टैंड पर जल्द ही पुलिस कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी और नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर अतिशीघ्र कार्रवाई करवाई जाएगी।

पुलिस द्वारा घटना की विवेचना की जा रही है।

Back to top button