भारतमाला घोटाला: पूर्व मंत्री के रिश्तेदार के ठिकानों पर ED की बड़ी कार्रवाई, दस्तावेज और कैश जब्त

धमतरी/रायपुर। छत्तीसगढ़ के चर्चित भारतमाला परियोजना घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर के चचेरे भाई भूपेंद्र चंद्राकर के ठिकानों पर छापेमारी की। इसके साथ ही कुरूद में राइस मिलर रौशन चंद्राकर के यहां भी दबिश दी गई।


15 घंटे चली जांच, रात तक कार्रवाई

जानकारी के मुताबिक ED की टीम सोमवार सुबह करीब 6 बजे भूपेंद्र चंद्राकर के घर पहुंची और करीब 15 घंटे तक लगातार जांच करती रही। टीम देर रात लगभग 1 बजे तक कार्रवाई में जुटी रही।

इस दौरान टीम अपने साथ महत्वपूर्ण दस्तावेज, जमीन से जुड़े कागजात, एक मोबाइल फोन और करीब 8-9 लाख रुपये नकद लेकर गई है। हालांकि, इस कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि अभी तक ED की ओर से नहीं की गई है।


घर को अंदर से लॉक कर की गई जांच

कुरूद के सरोजिनी चौक स्थित मकान में जांच के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। घर को अंदर से लॉक कर टीम ने दस्तावेजों की गहन जांच की, ताकि कोई बाहरी व्यक्ति हस्तक्षेप न कर सके।


जमीन सौदों और लेनदेन की जांच

ED इस मामले में भारतमाला परियोजना से जुड़े जमीन अधिग्रहण, मुआवजा वितरण और वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है। इससे पहले भी रायपुर और अभनपुर में जमीन कारोबारी गोपाल गांधी समेत अन्य लोगों के ठिकानों पर छापेमारी की जा चुकी है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कृषि भूमि को बैकडेट में गैर-कृषि घोषित कर उसका मुआवजा कई गुना बढ़ाया गया। साथ ही एक ही जमीन को कागजों में अलग-अलग हिस्सों में बांटकर भुगतान दिखाया गया।


500 करोड़ से ज्यादा के घोटाले की आशंका

जांच एजेंसियों को भारतमाला परियोजना के तहत रायपुर-विशाखापट्टनम कॉरिडोर में 500 करोड़ रुपये से अधिक के घोटाले की आशंका है। वहीं, एक अन्य मामले में करीब 43 करोड़ रुपये की गड़बड़ी सामने आ चुकी है।


पहले भी हो चुकी कार्रवाई

इस मामले में पहले भी कई अधिकारियों पर कार्रवाई हो चुकी है। कोरबा के डिप्टी कलेक्टर शशिकांत कुर्रे और जगदलपुर नगर निगम कमिश्नर निर्भय साहू को सस्पेंड किया जा चुका है। जांच में कई अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई है।


जांच का दायरा बढ़ा

ED की इस कार्रवाई के बाद मामले का दायरा और बढ़ गया है। एजेंसी अब पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। आने वाले दिनों में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Back to top button