भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम की उपकप्तान बनीं महक नरवासे, मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित
श्रीलंका दौरे के लिए टी-20 और वनडे टीम की उपकप्तान नियुक्त, मुख्यमंत्री साय ने दी शुभकामनाएं
रायपुर। छत्तीसगढ़ की उभरती हुई युवा क्रिकेटर महक नरवासे ने प्रदेश को एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि दिलाई है। भारतीय महिला अंडर-19 क्रिकेट टीम के आगामी श्रीलंका दौरे के लिए टी-20 और वनडे दोनों टीमों की उपकप्तान नियुक्त होने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार को उनसे मुलाकात कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और सांसद बृजमोहन अग्रवाल भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने महक को शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि महक नरवासे की उपलब्धि केवल उनके परिवार या राजनांदगांव जिले तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की बेटियां आज खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं और राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान बना रही हैं। महक ने अपनी मेहनत, अनुशासन और समर्पण के बल पर यह मुकाम हासिल किया है।
युवा खिलाड़ियों के लिए बनीं प्रेरणा
मुख्यमंत्री ने कहा कि महक की सफलता प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने विश्वास जताया कि महक आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।
उन्होंने महक को प्रोत्साहित करते हुए कहा, “खूब खेलो, आगे बढ़ो और नई ऊंचाइयों को छुओ। आपकी सफलता प्रदेश के हजारों युवा खिलाड़ियों के सपनों को नई उड़ान देगी।”
खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा दे रही सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं एवं अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम की उपकप्तान के रूप में महक नरवासे का चयन प्रदेश में विकसित हो रहे सकारात्मक खेल वातावरण और खिलाड़ियों को मिल रहे अवसरों का उत्कृष्ट उदाहरण है।
महक ने जताया आभार
महक नरवासे ने सम्मान और शुभकामनाओं के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा।
इस अवसर पर उनके पिता राधेश्याम नरवासे, महापौर मधुसूदन यादव, कोच मनोज तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़ की बेटी को मिला राष्ट्रीय दायित्व
गौरतलब है कि राजनांदगांव की प्रतिभाशाली क्रिकेटर महक नरवासे को भारतीय महिला अंडर-19 क्रिकेट टीम के श्रीलंका दौरे के लिए टी-20 और वनडे दोनों प्रारूपों में उपकप्तान की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह उपलब्धि प्रदेश के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।


