भिलाई के सेक्टर-7 में पीलिया का प्रकोप, कई बच्चे संक्रमित, दो की हालत गंभीर

भिलाई सेक्टर-7 इलाके में पीलिया (जॉन्डिस) का प्रकोप तेजी से बढ़ता नजर आ रहा है। सड़क 37 और 38 के आसपास करीब 145 मकानों में रहने वाले कई बच्चे इस बीमारी की चपेट में आ चुके हैं। बच्चों के चेहरे और आंखों में पीलापन साफ दिखाई दे रहा है, जिससे पूरे इलाके में भय का माहौल बना हुआ है।


15 नए मरीजों की पहचान, चार बच्चों का इलाज जारी

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शुक्रवार को क्षेत्र में सर्वे कर 15 नए मरीजों की पहचान की है। इनमें से दो बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पहले से भर्ती दो मरीजों को छुट्टी दे दी गई है। फिलहाल कुल चार बच्चों का इलाज जारी है।


110 घरों का सर्वे, पानी के सैंपल जांच के लिए भेजे

जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. सीबीएस बंजारे के अनुसार, स्वास्थ्य टीम ने प्रभावित क्षेत्र के 110 घरों का सर्वे किया। इस दौरान बच्चों और वयस्कों की जांच की गई। तीन घरों से पानी के सैंपल लेकर चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज की माइक्रोबायोलॉजी लैब में जांच के लिए भेजा गया है। इसके अलावा बीएसपी प्रबंधन और भिलाई निगम की टीम ने भी पानी के नमूने एकत्र किए हैं।


गटर में डूबी पाइपलाइन बदलने का काम शुरू

प्राथमिक जांच में पाइपलाइन में गंदे पानी के मिश्रण की आशंका जताई गई है। इसे देखते हुए बीएसपी प्रबंधन ने गटर में डूबी पुरानी पाइपलाइन को बदलने का काम शुरू कर दिया है। मुख्य पाइपलाइन से लेकर घरों तक नई लाइन बिछाई जा रही है, ताकि दूषित पानी की समस्या को पूरी तरह खत्म किया जा सके।


टैंकर से पानी सप्लाई, लोगों को दी गई सावधानी की सलाह

जल संकट की स्थिति से बचने के लिए भिलाई निगम प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में टैंकर के माध्यम से पीने के पानी की आपूर्ति शुरू कर दी है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे उबला हुआ पानी ही पिएं, बाहर का खाना न खाएं, साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें और लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी अस्पताल में जांच कराएं।


अब तक 25 से अधिक बच्चे प्रभावित

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अब तक कुल 25 से अधिक बच्चे पीलिया से संक्रमित पाए जा चुके हैं। शुक्रवार को स्वास्थ्य टीम ने क्षेत्र का दौरा कर लोगों से बातचीत की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान सिविल हॉस्पिटल सुपेला के प्रभारी डॉ. पियाम सिंह, जिला एपिडेमियोलॉजिस्ट रितिका सोनवानी, सुपरवाइजर विजय सेजुले, बीईटीओ हितेंद्र कोसरे सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।


गंदे पानी और भोजन से फैलता है पीलिया

डॉक्टरों के अनुसार, पीलिया मुख्य रूप से दूषित पानी और भोजन के सेवन से फैलता है। इसके लक्षण 15 से 50 दिनों के भीतर दिखाई देते हैं। मरीज में भूख कम लगना, पेशाब का रंग पीला होना, उल्टी, कमजोरी, सिर दर्द, पेट के दाहिने हिस्से में दर्द तथा आंख और त्वचा का पीला पड़ना जैसे लक्षण देखे जाते हैं।


फिलहाल प्रशासन का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है।

Back to top button