भूपदेवपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, चोरी का खुलासा; चोरी का पूरा सामान बरामद, आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़, 5 अगस्त। रायगढ़ पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत भूपदेवपुर थाना क्षेत्र में हुई चोरी की वारदात का त्वरित खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गए चांदी के आभूषण और मोबाइल फोन समेत पूरा सामान बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 4 अगस्त 2026 को ग्राम डोंगाढकेल निवासी घनश्याम साहू ने थाना भूपदेवपुर में शिकायत दर्ज कराई कि 3-4 अगस्त की रात अज्ञात व्यक्ति उनके घर से चांदी के एक जोड़ी पायल, एक जोड़ी बिछिया और POCO कंपनी का मोबाइल फोन चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
थाना प्रभारी रोशन कुमार कौशिक के नेतृत्व में गठित टीम ने मुखबिर सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर सनत कुमार उर्फ नानू साहू (29 वर्ष), निवासी ग्राम डोंगाढकेल को गांव लौटते ही घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना स्वीकार कर ली।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गए चांदी के पायल, बिछिया और POCO मोबाइल सहित लगभग 30 हजार रुपये मूल्य का पूरा सामान बरामद कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि उसने 4-5 जुलाई 2026 की रात सक्ती जिले के चंद्रपुर थाना क्षेत्र से एक बुलेट क्लासिक-350 मोटरसाइकिल भी चोरी की थी। पुलिस के अनुसार, उक्त मोटरसाइकिल को चंद्रपुर पुलिस पहले ही बरामद कर चुकी है।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि संपत्ति संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई और चोरी गए सामान की शीघ्र बरामदगी रायगढ़ पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने नागरिकों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रोशन कुमार कौशिक, प्रधान आरक्षक संजय भूषण तिर्की तथा आरक्षक हरिशंकर नायक, प्रदीप तिवारी और संतोष जायसवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


