भूपेश बघेल के नाम से वायरल कथित चैट पर बवाल, दो यूट्यूबर्स के खिलाफ FIR दर्ज
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने थाने पहुंचकर की शिकायत, पूर्व मुख्यमंत्री बोले- फर्जी तस्वीरें फैलाने वालों पर होगी कानूनी कार्रवाई
भिलाई। महादेव सट्टा ऐप के कथित संचालक सौरभ चंद्राकर के सोशल मीडिया अकाउंट से जुड़ी एक कथित चैट के वायरल होने के बाद छत्तीसगढ़ की राजनीति गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नाम से प्रसारित कथित मैसेज के स्क्रीनशॉट को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भिलाई-3 थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दो यूट्यूबर्स के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया पर एक कथित चैट का स्क्रीनशॉट वायरल हुआ, जिसमें भूपेश बघेल के नाम से जुड़े एक यूजरनेम और महादेव सट्टा ऐप के कथित संचालक सौरभ चंद्राकर के बीच बातचीत होने का दावा किया गया। वायरल स्क्रीनशॉट में कथित तौर पर मोबाइल नंबर मांगने और बातचीत करने का उल्लेख दिखाई दे रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस वायरल सामग्री को पूरी तरह फर्जी और फोटोशॉप से तैयार किया गया बताया है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट कर कहा कि सुबह से फर्जी तस्वीरों के आधार पर भ्रामक खबरें चलाई जा रही हैं। उन्होंने दावा किया कि वायरल चैट का उनसे कोई संबंध नहीं है और यह उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास है।
भूपेश बघेल ने कहा कि उनकी लीगल टीम मामले की जांच कर रही है और फर्जी सामग्री प्रसारित करने वाले लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इधर, बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता भिलाई-3 थाने पहुंचे और प्रदर्शन करते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने इसे पूर्व मुख्यमंत्री की छवि खराब करने की साजिश बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।
छावनी सीएसपी प्रशांत पैकरा ने बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने यूट्यूबर सागर साहू और पुष्पराज सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 353(2) के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस वायरल स्क्रीनशॉट की सत्यता और उसके स्रोत की जांच कर रही है।



