सड़क सुरक्षा पर जागरूकता फैलाने वालों का सम्मान, रील प्रतियोगिता के विजेताओं को मिले पुरस्कार
जशपुर।
प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने हेलमेट, सीट बेल्ट और यातायात नियमों के पालन से जुड़े संदेशों को रचनात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया। पुलिस का मानना है कि सोशल मीडिया के माध्यम से इस तरह के प्रयास सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने में प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं।
रील मेकिंग प्रतियोगिता में शिक्षक सैयद कैसर हुसैन ने प्रथम स्थान हासिल किया। उन्हें 2001 रुपये नकद पुरस्कार और हेलमेट प्रदान किया गया। मनोज कुशवाहा दूसरे स्थान पर रहे, जिन्हें 1001 रुपये एवं हेलमेट से सम्मानित किया गया। वहीं अक्षय कुमार यादव ने तीसरा स्थान प्राप्त किया और उन्हें 501 रुपये नकद पुरस्कार के साथ हेलमेट प्रदान किया गया।
सम्मान समारोह के दौरान प्रतिभागियों ने सड़क सुरक्षा को लेकर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग केवल कानूनी नियमों का पालन नहीं, बल्कि स्वयं और परिवार की सुरक्षा के लिए आवश्यक है। साथ ही युवाओं से सोशल मीडिया का सकारात्मक उपयोग कर जागरूकता बढ़ाने की अपील भी की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का विषय नहीं, बल्कि जीवन की रक्षा का संकल्प है। उन्होंने लोगों से दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।
जशपुर पुलिस द्वारा जिले में लगातार सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान संचालित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में आयोजित प्रतियोगिताओं का उद्देश्य आम लोगों, विशेषकर युवाओं को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करना है।



