महासमुंद गैस घोटाला : 90 मीट्रिक टन गैस गायब, करोड़ों की हेराफेरी का खुलासा

महासमुंद । जिले में गैस घोटाले का बड़ा मामला सामने आया है, जिसमें सुपुर्दनामे में सुरक्षित रखे गए गैस कैप्सूल से भारी मात्रा में गैस गायब कर बाजार में खपाने का खुलासा हुआ है। इस पूरे मामले में करीब डेढ़ करोड़ रुपये के गबन की आशंका जताई जा रही है।


कैप्सूल से निकाली गई गैस, दस्तावेजों में हेरफेर

पुलिस जांच में सामने आया है कि जब्त किए गए गैस कैप्सूल को खाद्य विभाग की मौजूदगी में एक निजी प्लांट को सौंपा गया था। लेकिन सुपुर्दगी के बाद 31 मार्च से 5 अप्रैल के बीच कैप्सूल से गैस निकालकर अवैध रूप से बेच दी गई।


करीब 100 टन गैस का अवैध ट्रांसफर

जांच के अनुसार, प्रत्येक कैप्सूल में औसतन 17 टन गैस थी और कुल मिलाकर करीब 90 से 100 मीट्रिक टन गैस को प्लांट के टैंकों और निजी वाहनों में ट्रांसफर किया गया। बाद में कूटरचित दस्तावेज तैयार कर मामले को छिपाने की कोशिश की गई।


खरीद कम, बिक्री ज्यादा—खुला बड़ा खेल

दस्तावेजों की जांच में सामने आया कि कंपनी ने अप्रैल में मात्र 47 टन गैस खरीदी, जबकि 107 टन गैस बेची। इससे स्पष्ट है कि बड़ी मात्रा में चोरी की गैस को बाजार में खपाया गया।


एजेंसियों की मिलीभगत के संकेत

जांच में यह भी सामने आया कि रायपुर की कई गैस एजेंसियों ने इस अवैध गैस की खरीद की, जिससे पूरे नेटवर्क के सक्रिय होने के संकेत मिले हैं।


साक्ष्य मिटाने की कोशिश

पुलिस को जांच के दौरान कंपनी के कई महत्वपूर्ण रजिस्टर और रिकॉर्ड गायब मिले हैं। कर्मचारियों ने भी स्वीकार किया है कि उन्होंने मालिक और प्रबंधन के निर्देश पर गैस खाली की थी।


एक आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार

मामले में अब तक एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य आरोपी सहित अन्य जिम्मेदार लोग फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।


कई धाराओं में केस दर्ज

पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता, आवश्यक वस्तु अधिनियम और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। साथ ही बड़ी मात्रा में टैंकर, सिलेंडर और दस्तावेज जब्त किए गए हैं।


कालाबाजारी का भी खुलासा

जांच में यह भी सामने आया है कि गैस की कमी के दौरान आरोपियों ने इसे ऊंची कीमत पर बेचकर भारी मुनाफा कमाया। यह मामला न केवल गबन बल्कि कालाबाजारी का भी बड़ा उदाहरण बनकर सामने आया है।

Back to top button