मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को दिया गया नि:शुल्क ऑनलाइन भाषा कक्षाओं के शुभारंभ का आमंत्रण
रायगढ़। सामाजिक संगठन सुख-दुःख के साथी (विप्र परिवार) द्वारा संस्कृत, हिंदी एवं अंग्रेज़ी की नि:शुल्क ऑनलाइन भाषा कक्षाओं के शुभारंभ की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इसी क्रम में कार्यक्रम के संयोजक एवं संचालक भानु प्रताप मिश्र ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सौजन्य भेंट कर उन्हें कार्यक्रम का शुभारंभ करने हेतु औपचारिक आमंत्रण दिया।
इस दौरान भानु प्रताप मिश्र ने मुख्यमंत्री को कार्यक्रम की अवधारणा, उद्देश्य और संचालन व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को भाषा के माध्यम से ज्ञान, संस्कृति और रोजगारोन्मुखी संचार कौशल से जोड़ना है।
कार्यक्रम के अंतर्गत संस्कृत, हिंदी और अंग्रेज़ी की नि:शुल्क ऑनलाइन कक्षाएं संचालित की जाएंगी, जिनमें छात्र-छात्राएं, युवा, महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक तथा भाषा सीखने के इच्छुक सभी आयु वर्ग के लोग बिना किसी शुल्क के शामिल हो सकेंगे। कक्षाओं का संचालन विषय विशेषज्ञों द्वारा किया जाएगा तथा पंजीयन गूगल फॉर्म के माध्यम से कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस सामाजिक एवं शैक्षिक पहल की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान समय में भारतीय संस्कृति, मातृभाषा और वैश्विक संचार की दृष्टि से संस्कृत, हिंदी और अंग्रेज़ी का ज्ञान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सुझाव दिया कि कार्यक्रम का शुभारंभ अगस्त के अंतिम सप्ताह अथवा सितंबर के प्रारंभिक दिनों में किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इससे जुड़ सकें और इसका लाभ प्राप्त कर सकें।
कार्यक्रम संयोजक भानु प्रताप मिश्र ने बताया कि मुख्यमंत्री के सुझावों के अनुरूप तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। साथ ही कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा, पंजीयन प्रक्रिया, विषय विशेषज्ञों और कक्षाओं के संचालन संबंधी जानकारी साझा करने के लिए 15 जुलाई के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य केवल भाषा शिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि भारतीय संस्कृति एवं ज्ञान परंपरा से समाज को जोड़ना, मातृभाषा के प्रति सम्मान बढ़ाना तथा युवाओं में प्रभावी संचार कौशल विकसित करना भी है। संस्था को विश्वास है कि यह अभियान शिक्षा और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण जनभागीदारी आंदोलन का रूप लेगा।



