
समर्थन मूल्य में धान खरीदी का आज अंतिम दिन, 5000 से अधिक किसान अब तक नहीं बेच पाए धान
धमतरी: समर्थन मूल्य में धान खरीदी का आज अंतिम दिन है। जिले के 46 धान उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी का काम पूरा कर लिया गया है। 50 केंद्रों में 5000 से अधिक किसान अब तक धान नहीं बेच पाए हैं। 7 फरवरी को धान बेचने के लिए शनिवार को 176 किसानों ने टोकन कटाए हैं। रविवार को भी देर रात तक टोकन काटा गया। बताया जा रहा है कि शनिवार को 4.30 बजे से सर्वर डाउन हो गया था जो रविवार 6 बजे दुरूस्त हुआ। धान खरीदी के दौरान बेमौसम बारिश ने धान खरीदी कार्य को दो बार प्रभावित किया जिससे सोसायटियों में 10 दिनों का कामकाज ठप रहा। स्थिति को देखते हुए शासन ने 7 दिन का समय बढ़ाकर 7 फरवरी तक धान खरीदी करने का फैसला लिया। इसके बावजूद खरीदी का लक्ष्य पूरा होने में संदेह है। शासन से जिले में 48 लाख 80 हजार 620 क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य मिला है। 2 माह में 43.07 लाख क्विंटल धान की खरीदी हो सकी है।
5 हजार से अधिक किसान नहीं बेच पाए धान सन 2020-21 में 1 लाख 11 हजार 717 पंजीकृत किसान थे। 43.98 लाख क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य था। लेकिन 2538 किसानों ने धान नहीं बेचा। इससे 1 लाख 20 हजार 505 क्विंटल धान की कम खरीदी हुई। इस साल 5648 किसानों का पंजीयन बढ़ा। सन 2021-22 में पंजीकृत किसानों की संख्या 1 लाख 17 हजार 365 हो गई। धान खरीदी का लक्ष्य बढ़कर 48.80 लाख क्विंटल हो गई। अंतिम दिन की स्थिति में 5267 किसानों से 5.73 लाख क्विंटल धान खरीदी शेष है। सर्वर डाउन, धान उठाव एवं टोकन कार्य प्रभावित सोसायटियों से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार शाम 4.30 बजे से कम्प्यूटर का सर्वर डाउन हो गया। देर रात तक कर्मचारी सर्वर दुरूस्त होने का इंतजार करते रहे। सुबह भी सर्वर का ठिकाना नहीं रहा जिससे धान उठाव का कार्य तथा किसानों को टोकन जारी करने का काम प्रभावित रहा। बताया गया कि रविवार को शाम 6 बजे सर्वर अप हुआ तब उठाव एवं टोकन काटने का काम शुरु हुआ। रविवार रात 11 बजे तक टोकन जारी किया गया।