Ambikapur Crime News: दिनदहाड़े घर से चाकू की नोक पर नगदी लूटने वाला फरार आरोपित गिरफ्तार

महिला समूहों से संग्रहित राशि को लूटकर भाग रहे आदतन बदमाश को ग्रामीणों के सहयोग से लखनपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।आरोपित देवदास पनिका लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बंधा का रहने वाला है। इसके विरुद्ध पूर्व में भी कई नामजद अपराध पंजीकृत है। उदयपुर निवासी जनक राम,बंधन बैंक में कार्यरत है।

चाकू मार देने का भय भी दिखाया
घटना दिवस को वह लखनपुर के ग्राम बंधा में महिला समूह से राशि संग्रहित करने ग्राम बंधा के कंचन विश्वकर्मा के घर गया हुआ था। इसी दौरान एक व्यक्ति चेहरे पर कपड़ा बांधकर घर में घुसकर संग्रहित रकम 10 हजार 450 रुपए लूटकर भागने लगा। रोकने का प्रयास करने पर उसने चाकू मार देने का भय भी दिखाया। गांववालों ने उसकी पहचान देवदास पनिका के रूप में की।

आदतन अपराधी
देवदास के आदतन अपराधी होने तथा उसके विरुद्ध कई गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज होने की सूचना पर लखनपुर पुलिस ने उसे पकड़ने की योजना बनाई। गांववालों की मदद से उसकी घेराबंदी की गई। पुलिस टीम के प्रयास से आदतन बदमाश देवदास पनिका को पकड़ लिया गया। उसके पास से लूट की रकम बरामद कर ली गई। जिस चाकू से वह लोगों को जान से मारने की धमकी दे रहा था उसे भी जब्त किया गया है।
संपूर्ण कार्रवाई लखनपुर थाना प्रभारी प्रशिक्षु डीएसपी डा प्रशांत देवांगन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पूरी की। बताया गया कि घर में घुसकर नकदी रकम लूटने के बाद फरार आरोपित की खोजबीन में पहले से ही गांव वाले लग गए थे।

अकारण विवाद करता था आरोपित
इसके पहले कि वह गांव छोड़कर फरार हो पाता उसकी घेराबंदी कर ली गई थी, इधर लखनपुर से पुलिस टीम के पहुंच जाने के बाद गांव वालों का भी हौसला बढ़ गया था और आरोपित को पकड़ लिया गया। इस दौरान कुछ ग्रामीणों द्वारा उसकी पिटाई भी की गई। पूर्व में भी वह ग्रामीणों से अकारण विवाद कर चुका था। गांव वाले भी उसकी आदतों से परेशान हो चुके थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button