
राजनांदगांव में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, 6 हाईवा समेत 8 वाहन जब्त
राजनांदगांव, 24 मई 2026। जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर जीतेन्द्र यादव के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने रविवार को अलग-अलग क्षेत्रों में औचक निरीक्षण कर 6 हाईवा, 1 जेसीबी और 1 माजदा वाहन जब्त किए हैं।
कई गांवों में एक साथ चला जांच अभियान
खनिज विभाग की टीम ने राजनांदगांव तहसील के भर्रेगांव, खुटेरी, सुरगी, इंदामारा, भानपुरी और मोहारा सहित डोंगरगांव तहसील के खुज्जी, मटिया, बगदई, परना और खुर्सीपार गांवों में जांच अभियान चलाया।
निरीक्षण के दौरान कई वाहन अवैध रूप से रेत, मुरूम और चूना पत्थर गिट्टी का परिवहन करते पाए गए, जिसके बाद विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहनों को जब्त कर लिया।
रेत के अवैध परिवहन पर कार्रवाई
सुरगी थाना क्षेत्र में प्रशांत सिन्हा के हाईवा वाहन क्रमांक CG 08 AW 2701 को अवैध रेत परिवहन करते पकड़ा गया। वाहन चालक संजय साहू के खिलाफ कार्रवाई करते हुए वाहन को सुरगी थाना में जमा कराया गया।
इसी तरह दीपक सोनकर के हाईवा CG 05 AP 3581 और बिट्टू अग्रवाल के हाईवा CG 08 BA 4631 को भी अवैध रेत परिवहन करते पकड़ा गया। दोनों वाहनों को जब्त कर तुमड़ीबोड़ थाना की सुपुर्दगी में दिया गया।
चूना पत्थर और मुरूम उत्खनन पर भी शिकंजा
डोंगरगांव थाना क्षेत्र में मूलचंद्र चंद्राकर के हाईवा CG 24 U 8885 से चालक मनीष कुमार अवैध रूप से चूना पत्थर गिट्टी परिवहन करते पाया गया।
इसके अलावा बीजाभाठा, लक्ष्मणभरदा, सालिकझिटिया, डोंगरगांव, कुमरदा और अर्जुनी क्षेत्रों में मुरूम और चूना पत्थर के अवैध उत्खनन के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
खैरागढ़ निवासी किशोर पटेल की जेसीबी मशीन CG 08 BA 2050 को अवैध मुरूम उत्खनन करते हुए पकड़ा गया। वहीं दुर्गेश देवांगन के हाईवा CG 08 AN 4987 को भी अवैध मुरूम परिवहन करते जब्त किया गया।
माजदा वाहन भी जब्त
राजनांदगांव निवासी रोमील गोलछा के हाईवा CG 08 AB 6714 और अर्जुनी निवासी हरि साहू के माजदा वाहन CG 15 AC 2651 को भी चूना पत्थर गिट्टी का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर कार्रवाई की गई।
अवैध खनन पर लगातार जारी रहेगी कार्रवाई
खनिज विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ लगातार निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


