
नई दिल्ली: यूपी के सीतापुर में एक ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है जिसमें प्रेमिका का शव घर के अंदर दुपट्टे से लटकता हुआ मिला जबकि उसका प्रेमी लापता है. प्रेमी युवक के परिजनों ने युवक की हत्या कर शव नहर में फेंके जाने का आरोप लगा रहे हैं. वहीं, पुलिस अधिकारी ऑनर किलिंग की बात से इनकार करते हुए आत्महत्या की बात कह रहे हैं. मामला दो समुदायों का होने के चलते इलाके मे तनाव की स्थिति बनी हुई है. यह पूरा मामला महमूदाबाद कोतवाली इलाके का है.
पिता का हुआ बेटी के साथ किसी अन्य के होने का अहसास
बताया जाता है कि महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र के मुस्तफाबाद निवासी शाबरीन का गांव के ही युवक रंजीत मौर्य से काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था. बताया जाता है कि बीती रात रंजीत अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर जा पहुंचा. दोनों घर के अंदर एक साथ थे तभी युवती के पिता फैयाज की नींद खुल गई और उन्हें बेटी के साथ किसी अन्य के होने का अहसास हो गया. फैयाज ने अपने लड़कों व परिजनों को जगाकर रंजीत को पकड़ने का प्रयास किया तो वह भाग निकला. उसका पीछा करते हुये फैयाज आदि भी भागते हुए गए. इसके बाद घर के अंदर कमरे में दुपट्टे के सहारे शाबरीन का शव संदिग्ध परिस्थितियों में लटकता मिला.
घटना की जानकारी होते ही गांव में सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही प्रेमी युवक रंजीत के परिवार वाले भी मौके पहुंच गए.




