रायगढ़ : अवैध पार्किंग पर प्रशासन सख्त, भारी वाहनों की फिटनेस और चालक सुविधाओं पर हुई समीक्षा

ट्रांसपोर्टर्स, उद्योग और खनन कंपनियों के साथ बैठक, छह स्थानों पर ट्रक पार्किंग विकसित करने का प्रस्ताव

रायगढ़, 24 जुलाई। जिले में राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर भारी वाहनों की अवैध पार्किंग रोकने, औद्योगिक वाहनों की अनिवार्य फिटनेस जांच सुनिश्चित करने और सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से अपर कलेक्टर अपूर्व प्रियेश टोप्पो की अध्यक्षता में ट्रांसपोर्टर्स, उद्योगों और खनन कंपनियों के प्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई।

बैठक में सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों तथा फालोदी दुर्घटना प्रकरण के आदेशों के अनुपालन पर चर्चा करते हुए कहा गया कि राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों के किनारे भारी वाहनों की अवैध पार्किंग किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी उद्योगों, खनन कंपनियों और ट्रांसपोर्टर्स से वाहनों की नियमित फिटनेस जांच कराने तथा सड़क सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में भारी वाहनों के चालकों और परिचालकों के लिए पर्याप्त पार्किंग, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, वाहनों पर रेडियम रिफ्लेक्टिव टेप और वाहन धुलाई जैसी मूलभूत सुविधाएं विकसित करने पर भी जोर दिया गया। जिला प्रशासन ने उद्योगों और परिवहन से जुड़े संस्थानों से इन व्यवस्थाओं को प्राथमिकता देने की अपील की।

ट्रांसपोर्टर्स और उद्योग प्रतिनिधियों ने घरघोड़ा बाईपास, बंजारी मंदिर क्षेत्र, पूंजीपथरा, तमनार, खरसिया के रानी सागर तथा गिरवानी क्षेत्र में भारी वाहनों के लिए पार्किंग स्थल विकसित करने का प्रस्ताव रखा। इस पर जिला प्रशासन ने संबंधित क्षेत्रों में उपयुक्त भूमि का चिन्हांकन और चयन की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला खनिज अधिकारी, जिला परिवहन अधिकारी, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के अधिकारी, ट्रांसपोर्टर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी, विभिन्न उद्योगों एवं खनन कंपनियों के प्रतिनिधि तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने सभी पक्षों से सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन में सक्रिय सहयोग की अपील की।

Back to top button