रायगढ़ : अवैध महुआ शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार

6 लीटर और 5.05 लीटर महुआ शराब जब्त, परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी कब्जे में

रायगढ़। जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में आबकारी विभाग ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से अवैध महुआ शराब तथा परिवहन में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है।

वाहन जांच के दौरान पकड़ा गया आरोपी

आबकारी विभाग के अनुसार, 28 जुलाई को आबकारी वृत्त रायगढ़ (दक्षिण) अंतर्गत रेंगालपाली जांच चौकी पर वाहन जांच के दौरान ग्राम कोसमंदा (थाना पुसौर) निवासी शशि सिदार को लाल रंग की हीरो डिलक्स मोटरसाइकिल से कनकतुरा से पुसौर की ओर 6 लीटर ओडिशा निर्मित महुआ शराब का अवैध परिवहन करते हुए पकड़ा गया। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 1,200 रुपये बताई गई है।

घर से बरामद हुई महुआ शराब

इसी अभियान के दौरान ग्राम तेतला (थाना पुसौर) निवासी कन्हैया पटेल के घर पर दबिश देकर 5.050 लीटर महुआ शराब बरामद की गई। जब्त शराब का बाजार मूल्य लगभग 1,010 रुपये आंका गया है।

दोनों आरोपी भेजे गए जेल

आबकारी विभाग ने दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

अभियान रहेगा जारी

कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक याजेंद्र मेहर, मुख्य आरक्षक दिनेश्वर सिंह कंवर तथा महिला आबकारी आरक्षक समिता चक्रेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के विरुद्ध विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Back to top button