रायगढ़ : आधी रात को गूंजा ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’, 56 भोग के साथ मनाया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव
सावित्रीनगर के श्रीबालाजी मंदिर में आधी रात हुआ भगवान कृष्ण का जन्मोत्सव, फूलों की होली और डांडिया में झूमे श्रद्धालु
रायगढ़। जेपीएल सावित्रीनगर कॉलोनी स्थित श्रीबालाजी मंदिर परिसर में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। मध्यरात्रि 12 बजे मंत्रोच्चार, शंख और घंटियों की गूंज के बीच भगवान के जन्म का उत्सव मनाया गया। इसके बाद मंदिर परिसर ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ और ‘आला रे आला, कन्हैया आला’ के जयघोष से गूंज उठा।
12 बजे हुआ कृष्ण जन्म का उत्सव
जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर को फूलों और रंग-बिरंगे गुब्बारों से सजाया गया था। भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप को झूले में विराजित किया गया।
रात 12 बजे जैसे ही जन्मोत्सव का समय हुआ, मंदिर की रोशनी कुछ देर के लिए मंद की गई। मंत्रोच्चार और शंख-घंटियों की ध्वनि के बीच भगवान के जन्म का उत्सव मनाया गया। इसके साथ ही श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाए और भगवान के बाल स्वरूप को झूला झुलाने के लिए श्रद्धालुओं की कतार लग गई।
भगवान को अर्पित किया गया 56 भोग
जन्मोत्सव के बाद भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप की पंचोपचार पूजा की गई। इस दौरान पंचामृत से अभिषेक कर भगवान को बाल भोग के साथ 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया।
माखन, मिश्री और पंजरी को भी विशेष प्रसाद के रूप में भगवान को अर्पित किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण शुरू किया गया, जो अगले दिन दोपहर तक जारी रहा।
जिंदल पावर ने की विशेष व्यवस्था
जन्मोत्सव कार्यक्रम के लिए जिंदल पावर की ओर से सावित्रीनगर कॉलोनी के श्रीबालाजी मंदिर परिसर में विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाने के साथ भगवान श्रीकृष्ण के लिए विशेष झूला तैयार किया गया था।
कार्यक्रम में कंपनी के ईडी एवं एचओपी जी. वेंकट रेड्डी ने जन्मोत्सव से पहले पूजा-अर्चना की।
भजन संध्या में कृष्ण लीलाओं की प्रस्तुति
जन्मोत्सव से पहले मंदिर के सामने भजन संध्या आयोजित की गई। आशु प्रिंस परफॉर्मिंग आर्ट्स ग्रुप ने भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं और भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी।
इस दौरान विवेक ताम्रकार और चिंक्की ने भी भजनों की प्रस्तुति दी। बड़ी संख्या में कॉलोनी के लोग और कंपनी के अधिकारी-कर्मचारी अपने परिवार के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए।
फूलों की होली में भक्तों ने मनाया उत्सव
कृष्ण जन्मोत्सव के दौरान धार्मिक आयोजन के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए। भगवान श्रीकृष्ण और राधा के साथ श्रद्धालुओं ने फूलों की होली खेली। फूलों की वर्षा के बीच लोगों ने उत्साह के साथ जन्माष्टमी का आनंद लिया।
डांडिया में महिलाओं ने लिया हिस्सा
कार्यक्रम में डांडिया का भी आयोजन किया गया। इसमें कॉलोनी की महिलाओं सहित बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। भक्ति गीतों और डांडिया के बीच देर रात तक उत्सव का माहौल बना रहा।
अधिकारी, कर्मचारी और परिजन हुए शामिल
कार्यक्रम में जेपीएल के ईडी एवं एचओपी जी. वेंकट रेड्डी, ऋषिकेश शर्मा, नीरज चौबे, आरपी पांडेय, अजय कंछल और सुदीप सिन्हा सहित प्लांट के अधिकारी-कर्मचारी एवं उनके परिजन मौजूद रहे।
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान के बाल स्वरूप के दर्शन किए, पालना झुलाया और प्रसाद ग्रहण कर सुख-समृद्धि की कामना की।












