रायगढ़ : केलो डैम घूमने गए युवक-युवती से लूटपाट, मारपीट कर दो मोबाइल और नकदी ले गए बदमाश

रायगढ़। शहर के केलो डैम घूमने गए युवक-युवती के साथ लूटपाट का मामला सामने आया है। आरोप है कि 3 से 4 अज्ञात युवकों ने दोनों को धमकाया और युवक के साथ मारपीट कर नकदी सहित दो मोबाइल फोन लूट लिए। वारदात के बाद आरोपी बाइक की चाबी फेंककर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

लौटने की तैयारी कर रहे थे, तभी पहुंचे युवक

मिली जानकारी के अनुसार, जोगीडीपा निवासी सानू सारथी (22) अपनी दोस्त ईशिका कुमरे के साथ बुलेट बाइक से केलो डैम घूमने गया था। शाम को दोनों वापस लौटने की तैयारी कर रहे थे, तभी वहां 3 से 4 अज्ञात युवक पहुंच गए।

आरोप है कि युवकों ने लड़की के साथ वहां मौजूद रहने को लेकर सवाल उठाए और पुलिस को फोन करने की धमकी देने लगे। इसके बाद उन्होंने सानू सारथी के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की।

1500 रुपये नकद और दो मोबाइल लूटने का आरोप

पीड़ित की शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने सानू की जेब में रखे 1,500 रुपये नकद और उसका आईफोन 12 मिनी मोबाइल छीन लिया। इसके अलावा ईशिका कुमरे का मोटोरोला कंपनी का मोबाइल भी लूट लिया गया।

वारदात के बाद आरोपी बाइक की चाबी फेंककर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद सानू ने फोन पर अपने भाई प्रियांशु को जानकारी दी और कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

BNS की धाराओं में मामला दर्ज

पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 3(5) और 309(4) के तहत अपराध दर्ज किया है। मामले को विवेचना में लेकर आरोपियों की पहचान और तलाश की जा रही है।

शहर में पहले भी सामने आ चुकी हैं लूट की घटनाएं

रायगढ़ में इससे पहले भी लूटपाट की घटनाएं सामने आई हैं। जानकारी के मुताबिक, कोतरा रोड क्षेत्र की जयहिंद गली में रहने वाले संजय दास के साथ रेलवे बंगलापारा के पास मारपीट कर 5 हजार रुपये नकद और सोने की चेन लूटने का मामला सामने आया था। इस घटना में सागर यादव, शैलेष साहू और भोला के नाम सामने आए थे।

वहीं, जूटमिल थाना क्षेत्र में चाकू से हमला कर लूटपाट की घटना भी हुई थी। उस मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। अब केलो डैम में युवक-युवती से लूटपाट के मामले में पुलिस की जांच जारी है।

Back to top button