रायगढ़ इस्पात प्लांट में फर्नेस पंचर, गर्म सामग्री की चपेट में आकर तीन मजदूर झुलसे

रायगढ़।

[img-slider id="274450"]
जिले के पूंजीपथरा क्षेत्र स्थित रायगढ़ इस्पात प्लांट में मंगलवार को एक औद्योगिक हादसा हो गया। प्लांट के फर्नेस के पंचर होने से निकली गर्म सामग्री की चपेट में आने से तीन मजदूर झुलस गए। हादसे के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

घटना के तुरंत बाद प्लांट प्रबंधन ने घायलों को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों के अनुसार तीनों मजदूरों का इलाज जारी है और उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक फर्नेस संचालन के दौरान अचानक तकनीकी खराबी आने से गर्म सामग्री बाहर निकल गई, जिससे वहां कार्य कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है।

घटना की सूचना मिलते ही पूंजीपथरा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है तथा प्लांट प्रबंधन से भी घटना के संबंध में जानकारी ली जा रही है।

पुलिस और प्लांट प्रबंधन संयुक्त रूप से हादसे के कारणों की जांच कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button