रायगढ़ के CISF जवान प्रदीप कुमार देवता को सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक

रायगढ़, 16 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के रायगढ़ स्थित एलएसटीपीपी लारा इकाई में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (कार्य) प्रदीप कुमार देवता को उनकी सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक से सम्मानित किया गया।

प्रदीप कुमार देवता को यह सम्मान राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और लंबे समय तक दी गई सेवाओं के लिए प्रदान किया गया है। वे रायगढ़ जिले के मिडमिडा गांव के निवासी हैं और वर्ष 1988 में CISF में शामिल हुए थे

करीब 38 वर्षों की सेवा के दौरान उन्होंने विभिन्न चुनौतीपूर्ण एवं संवेदनशील स्थानों पर अपनी सेवाएं दी हैं। उनके सेवा कार्यकाल में ECL शीतलपुर और BIOM बचेली जैसी कठिन इकाइयों के अलावा दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु के संवेदनशील हवाई अड्डों पर भी तैनाती रही है।

वर्तमान में प्रदीप कुमार देवता एलएसटीपीपी लारा, रायगढ़ इकाई में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। पुलिस पदक मिलने पर उनके सहकर्मियों और क्षेत्रवासियों ने इसे रायगढ़ जिले के लिए गौरव का विषय बताया।

Back to top button