रायगढ़: चक्रवात के असर से बदला मौसम, बूंदाबांदी और ठंडी हवाओं से गिरा तापमान; कर्मचारियों की छुट्टी पर रोक

रायगढ़। जिले में चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव से मौसम का मिजाज बदल गया है। मंगलवार से आसमान में बादल छाए हुए हैं। बुधवार सुबह हल्की बूंदाबांदी के साथ हवाएं चलीं और दोपहर में भी रुक-रुककर बारिश होती रही। हालांकि, भारी बारिश की संभावना के बावजूद जिले में अब तक तेज बारिश दर्ज नहीं हुई है।

बादलों और बूंदाबांदी के कारण तापमान में गिरावट आई है। मौसम में बदलाव का असर सड़कों पर भी दिखाई दिया और सामान्य दिनों की तुलना में आवाजाही कम नजर आई।

गुरुवार को भी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, गुरुवार को भी रायगढ़ में बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।

बुधवार के लिए न्यूनतम तापमान 21.9 डिग्री और अधिकतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान था। वहीं, गुरुवार को न्यूनतम तापमान 22.1 डिग्री और अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई गई है।

भारी बारिश की आशंका, प्रशासन सतर्क

चक्रवात के प्रभाव से जिले में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं, ताकि आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।

बिना अनुमति छुट्टी लेने पर रोक

कलेक्टर के निर्देशानुसार, अगले आदेश तक कोई भी अधिकारी या कर्मचारी बिना अनुमति छुट्टी पर नहीं जा सकेगा। इसके साथ ही बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने पर भी रोक लगाई गई है।

मोबाइल चालू रखने के निर्देश

सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को मोबाइल फोन चालू रखने के निर्देश दिए गए हैं। आपात स्थिति में संबंधित कर्मचारियों को तत्काल ड्यूटी पर उपस्थित होना होगा। प्रशासन का उद्देश्य संभावित बारिश के दौरान जनसुरक्षा और जरूरी सेवाओं को सुचारु बनाए रखना है।

Back to top button