रायगढ़ : दवा के नाम पर परिचित बनकर ठगी की कोशिश, फर्जी मेडिकल संचालक बनकर मांगे पैसे; आरोपी गिरफ्तार

पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष उमेश अग्रवाल को आया संदिग्ध फोन, आवाज बदलकर खुद को मेडिकल संचालक बताने की भी कोशिश

रायगढ़, 11 सितंबर 2026। अनजान लोगों को फोन कर खुद को परिचित बताने और दवाई खरीदने के बहाने पैसे मांगने के मामले में रायगढ़ पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने एक ही फोन कॉल के दौरान अलग-अलग पहचान बताकर रकम हासिल करने की कोशिश की।

मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। शिकायतकर्ता रायगढ़ भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष उमेश अग्रवाल बताए गए हैं।

पहले खुद को बताया ‘गोलू’, फिर दवा के लिए मांगे पैसे

पुलिस के अनुसार उमेश अग्रवाल के मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आया। फोन करने वाले युवक ने खुद को गोलू बताते हुए दवा खरीदने के लिए आर्थिक मदद मांगी।

उमेश अग्रवाल ने जब उसे पहचानने से इनकार किया तो युवक ने कथित तौर पर रोने की आवाज निकालते हुए दवा के लिए करीब 1500 से 1700 रुपये की मदद मांगने लगा। इसके बाद उसने मेडिकल दुकान संचालक से बात कराने की बात कही।

आवाज बदलकर खुद को बताया मेडिकल संचालक

पुलिस के मुताबिक, कुछ देर बाद उसी व्यक्ति ने आवाज बदलकर खुद को मेडिकल दुकान का संचालक बताते हुए अपना नाम मनोज बताया। उसने दवा देने की बात करते हुए पैसे की व्यवस्था के संबंध में बातचीत शुरू की।

जब उमेश अग्रवाल ने मेडिकल दुकान का नाम और स्थान पूछा तो कथित तौर पर उसे जिला चिकित्सालय के सामने स्थित जनता मेडिकल का संचालक बताया गया।

इस बातचीत के दौरान उमेश अग्रवाल को कॉल की गतिविधियां संदिग्ध लगीं।

दुकान पर आने की बात कही तो कट गया फोन

उमेश अग्रवाल ने फोन करने वाले से कहा कि वह खुद मेडिकल दुकान पर पहुंचकर दवा ले लेंगे। इसके बाद जब उन्होंने उसी मोबाइल नंबर पर दोबारा संपर्क करने की कोशिश की तो फोन रिसीव नहीं हुआ।

इससे उन्हें ठगी की कोशिश का संदेह हुआ और उन्होंने मामले की जानकारी तत्काल एसएसपी को दी।

जांच में नंबर दूसरे व्यक्ति के नाम मिला

एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने संदिग्ध मोबाइल नंबर की जांच शुरू की। जांच में नंबर सक्ती निवासी सतीश अग्रवाल के नाम पर दर्ज पाया गया।

पुलिस ने सतीश अग्रवाल से संपर्क कर पूछताछ की। उन्होंने ऐसे किसी व्यक्ति को फोन करने से इनकार किया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि उनके पड़ोस में रहने वाला युवक गोलू उर्फ अभिषेक शर्मा कुछ समय के लिए उनका मोबाइल लेकर दो-तीन लोगों से बातचीत कर चुका था।

पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करने की बात

पुलिस ने सतीश अग्रवाल से मिली जानकारी के आधार पर गोलू उर्फ अभिषेक शर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने फोन कर पैसे मांगने की बात स्वीकार की।

इसके बाद उसके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की गई।

अनजान कॉल से सावधान रहने की अपील

इस मामले से एक बार फिर सामने आया है कि ठग परिचित व्यक्ति की पहचान बताकर भावनात्मक दबाव बनाने और बीमारी या दवा जैसी जरूरत का हवाला देकर पैसे मांगने की कोशिश कर सकते हैं।

पुलिस की ओर से लोगों से अपील की जाती है कि अनजान नंबर से आने वाले ऐसे कॉल पर बिना पहचान की पुष्टि किए किसी खाते या व्यक्ति को रकम न भेजें। संदिग्ध स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देना बेहतर है।

Back to top button