रायगढ़ : दो PDS दुकानों में 31.75 लाख के राशन की कमी, दो महिलाएं गिरफ्तार; चार आरोपी फरार

रायगढ़। धरमजयगढ़ विकासखंड में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) की दो शासकीय उचित मूल्य दुकानों की जांच में लाखों रुपये के चावल, शक्कर और नमक की कमी सामने आई है। खाद्य विभाग की जांच रिपोर्ट के आधार पर रैरूमाखुर्द पुलिस ने ससकोबा और गनपतपुर के मामलों में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया है। ससकोबा मामले में दो महिलाओं को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि दोनों मामलों में कुल चार आरोपियों की गिरफ्तारी अभी बाकी है।

ससकोबा में 12.89 लाख रुपये के खाद्यान्न की कमी

खाद्य विभाग ने 3 सितंबर 2026 को ग्राम ससकोबा की शासकीय उचित मूल्य दुकान क्रमांक 412009078 का भौतिक सत्यापन किया था। जांच में 499.65 क्विंटल चावल, 5.37 क्विंटल शक्कर और 8.03 क्विंटल नमक कम पाया गया।

इन खाद्यान्नों की अनुमानित कीमत 12 लाख 89 हजार 375 रुपये बताई गई है। जांच के दौरान अगस्त महीने में कुछ हितग्राहियों से ई-पॉस मशीन पर फिंगर लगवाने के बावजूद राशन वितरण नहीं किए जाने की बात भी सामने आई।

संचालन एजेंसी की अध्यक्ष और सचिव गिरफ्तार

मामले में सरोज स्व सहायता समूह की अध्यक्ष उमाबाई राठिया (45), सचिव माधुरी बाई राठिया (44) और विक्रेता बिहारी राठिया को आरोपी बनाया गया है।

रैरूमाखुर्द पुलिस ने उमाबाई राठिया और माधुरी बाई राठिया को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं विक्रेता बिहारी राठिया फरार बताया गया है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

गनपतपुर में 18.86 लाख के राशन का हिसाब नहीं मिला

दूसरी कार्रवाई ग्राम गनपतपुर की शासकीय उचित मूल्य दुकान क्रमांक 412009080 से जुड़ी है। यहां भौतिक सत्यापन के दौरान 704.93 क्विंटल चावल, 15.34 क्विंटल शक्कर और 31.98 क्विंटल नमक की कमी पाई गई।

इन खाद्यान्नों की कुल कीमत करीब 18 लाख 86 हजार 345 रुपये आंकी गई है। दोनों दुकानों में सामने आई कमी को जोड़ने पर खाद्यान्न की अनुमानित कीमत 31 लाख 75 हजार 720 रुपये होती है।

गनपतपुर के तीन आरोपियों की गिरफ्तारी बाकी

जांच में गनपतपुर दुकान का संचालन जननी महिला स्व सहायता समूह की अध्यक्ष रूबीना खान, सचिव शाहिन खान और विक्रेता शहनवाज खान द्वारा किया जाना पाया गया।

खाद्य विभाग के जांच प्रतिवेदन और पंचनामा के आधार पर पुलिस ने मामले में वैधानिक कार्रवाई शुरू की है। इन तीनों की गिरफ्तारी अभी शेष बताई गई है।

धारा 3 और 7 ईसी एक्ट के तहत केस

ससकोबा और गनपतपुर दोनों मामलों में रैरूमाखुर्द पुलिस चौकी, थाना धरमजयगढ़ में क्रमशः अपराध क्रमांक 288/2026 और 289/2026 दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3 और 7 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है।

पुलिस के अनुसार ससकोबा मामले में फरार विक्रेता बिहारी राठिया तथा गनपतपुर मामले में रूबीना खान, शाहिन खान और शहनवाज खान की तलाश की जा रही है।

एसएसपी ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि गरीब और जरूरतमंद हितग्राहियों के लिए शासन द्वारा उपलब्ध कराए जाने वाले राशन में किसी भी तरह की अनियमितता या गबन को गंभीरता से लिया जाएगा। ऐसे मामलों में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button