रायगढ़ : पार्षद पर जैक रॉड से हमला करने का आरोपी गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद

मारपीट कर रहे युवकों को समझाने पहुंचे थे वार्ड पार्षद, बीच-बचाव के दौरान हुआ हमला

रायगढ़। जूटमिल थाना क्षेत्र में वार्ड क्रमांक 36 के पार्षद विजय चौहान पर लोहे के जैक रॉड से हमला करने के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी कमल सारथी (26) घटना के बाद से गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार था। सूचना मिलने पर पुलिस ने उसके घर पर दबिश देकर उसे पकड़ा। आरोपी की निशानदेही पर हमले में इस्तेमाल लोहे का जैक रॉड भी बरामद किया गया है।

मटन मार्केट के पास युवकों के बीच हो रही थी मारपीट

पुलिस के अनुसार घटना 12 सितंबर की रात करीब 9:45 बजे पुराने सारंगढ़ बस स्टैंड स्थित मटन मार्केट के पास हुई। पार्षद विजय चौहान जूटमिल पेट्रोल पंप से बाइक में पेट्रोल भरवाने के बाद वहां से गुजर रहे थे।

इसी दौरान उन्होंने कुछ युवकों को आपस में मारपीट करते देखा। विवाद को शांत कराने के लिए वे मौके पर पहुंचे। पुलिस का कहना है कि वहां कमल सारथी भी कुछ लोगों के साथ मारपीट कर रहा था। पार्षद ने उसे विवाद करने से रोकने का प्रयास किया।

रोकने पर गुस्से में जैक रॉड से किया वार

पुलिस के मुताबिक, पार्षद के बीच-बचाव करने पर आरोपी नाराज हो गया और गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद उसने जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ में मौजूद लोहे के जैक रॉड से पार्षद के सिर पर वार कर दिया। हमले में पार्षद घायल हो गए।

घटना के बाद पार्षद के पिता ने जूटमिल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 541/2026 दर्ज करते हुए बीएनएस की धारा 109(1), 115(2), 296 और 351(3) के तहत कार्रवाई शुरू की।

गिरफ्तारी से बचने फरार था आरोपी

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर आरोपी की तलाश शुरू की गई। जूटमिल पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों पर निगरानी बढ़ाने के साथ मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया।

पुलिस के अनुसार आरोपी लगातार ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बचने का प्रयास कर रहा था। इसी बीच उसके घर वापस आने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही टीम ने घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में विवाद के दौरान हमला करने की बात कही

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका अपने जीजा के साथ विवाद चल रहा था। इसी दौरान पार्षद ने बीच-बचाव करते हुए उसे झगड़ा करने से मना किया, जिससे वह नाराज हो गया और उसने पार्षद पर जैक रॉड से हमला कर दिया।

आरोपी के बताए स्थान से पुलिस ने घटना में इस्तेमाल लोहे का जैक रॉड बरामद कर जब्त किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर भेजे जाने की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई

आरोपी की गिरफ्तारी की कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, सीएसपी मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन और डीएसपी राहुल उईके के सुपरविजन में की गई।

कार्रवाई में जूटमिल थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव कांत सिंह, एएसआई राजेन्द्र पटेल, प्रधान आरक्षक सतीश पाठक, राजेश पटेल तथा आरक्षक तरूण महिलाने, सुशील यादव सहित पुलिस स्टाफ की भूमिका रही।

गिरफ्तार आरोपी: कमल सारथी, पिता मनोज सारथी, उम्र 26 वर्ष, निवासी पुराना बस स्टैंड सारंगढ़, थाना जूटमिल, रायगढ़।

Back to top button