रायगढ़ : पालतू कुत्ते को टांगी से मारने का आरोप, बोरी में मिला शव; आरोपी पर FIR
रायगढ़, 9 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र के गुडूबहाल गांव में पालतू कुत्ते की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के ही परमानंद लकड़ा ने कुत्ते पर टांगी से वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई। बाद में कुत्ते का शव बोरी में भरकर गांव के चौराहे के पास छोड़ दिया गया। शिकायत के आधार पर लैलूंगा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घर से निकला कुत्ता वापस नहीं लौटा
जानकारी के अनुसार, गुडूबहाल निवासी रिझन लकड़ा (60 वर्ष) जनपद पंचायत लैलूंगा में सहायक आंतरिक लेखा परीक्षण एवं वृक्षारोपण अधिकारी के पद पर पदस्थ हैं। उन्होंने अपने घर में एक देशी कुत्ता पाल रखा था।
बताया गया कि मंगलवार शाम कुत्ता घर से बाहर निकला था, लेकिन अगले दिन तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश की, मगर उसका पता नहीं चला। इसके बाद रिझन लकड़ा ड्यूटी के लिए लैलूंगा चले गए।
परिजनों ने फोन पर दी घटना की जानकारी
रिझन लकड़ा के मुताबिक, बाद में परिजनों ने फोन कर बताया कि गांव के परमानंद लकड़ा ने उनके पालतू कुत्ते पर टांगी से वार किया था। आरोप है कि इस हमले में कुत्ते की मौत हो गई।
ग्रामीण रेखा बाई और सुनीता ने भी घटना देखने की बात कही है। हालांकि, घटना से जुड़े सभी तथ्यों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
बोरी में मिला कुत्ते का शव
घटना की जानकारी मिलने पर रिझन लकड़ा गांव लौटे। वहां उनका पालतू कुत्ता बोरी में भरा हुआ बस्ती के चौराहे के पास मिला। इसके बाद उन्होंने लैलूंगा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
BNS की धारा 325 के तहत मामला दर्ज
लैलूंगा पुलिस ने शिकायत के आधार पर परमानंद लकड़ा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 325 के तहत अपराध दर्ज किया है।
थाना प्रभारी गिरधारी साव ने बताया कि पालतू कुत्ते को मारने की शिकायत मिलने पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी कुत्ते से परेशान रहता था। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
