रायगढ़ पुलिस का अनूठा सड़क सुरक्षा अभियान, दुर्घटना रोकने पेड़ों पर लगाए जा रहे रेडियम रिफ्लेक्टर
रायगढ़, 5 अगस्त। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और रात्रिकालीन यातायात को अधिक सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से रायगढ़ पुलिस ने एक अभिनव सड़क सुरक्षा अभियान शुरू किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में यातायात पुलिस सड़क किनारे स्थित पेड़ों पर रेडियम रिफ्लेक्टर स्टीकर लगा रही है, ताकि रात के समय वाहन चालकों को मार्ग स्पष्ट दिखाई दे और दुर्घटनाओं की आशंका कम हो।
एडिशनल एसपी अनिल सोनी, एडिशनल एसपी (यातायात) पुष्पेंद्र बघेल के मार्गदर्शन तथा ट्रैफिक डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह के नेतृत्व में गठित टीमों ने जिले के प्रमुख मार्गों का सर्वे कर दुर्घटना संभावित स्थानों पर यह अभियान शुरू किया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रात में सड़क किनारे खड़े पेड़ अक्सर दिखाई नहीं देते, जिससे तेज रफ्तार या विपरीत दिशा से आ रहे वाहन दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं। ऐसे में पेड़ों पर लगाए जा रहे उच्च गुणवत्ता वाले रेडियम रिफ्लेक्टर वाहन की हेडलाइट पड़ते ही दूर से चमकेंगे और चालक को पहले से सतर्क करेंगे।
अभियान के तहत उर्दना–गेरवानी–लाखा मार्ग, पहाड़ मंदिर–बनोरा मार्ग तथा इंदिरा विहार–हमीरपुर मार्ग पर सड़क किनारे चिन्हित पेड़ों पर रेडियम रिफ्लेक्टर लगाए गए हैं। पुलिस ने बताया कि आगामी दिनों में जिले के अन्य संवेदनशील एवं दुर्घटना संभावित मार्गों पर भी चरणबद्ध तरीके से यह कार्य किया जाएगा।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे रात्रि में निर्धारित गति सीमा का पालन करें, अनावश्यक रूप से हाई बीम का उपयोग न करें, सीट बेल्ट एवं हेलमेट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करें तथा सड़क संकेतों और रिफ्लेक्टर मार्किंग का पालन करते हुए सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए पुलिस केवल चालानी कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि ऐसे नवाचार भी किए जा रहे हैं जो सीधे लोगों की सुरक्षा से जुड़े हैं। उन्होंने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन कर स्वयं और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की।


