
रायगढ़ पुलिस की क्राइम मीटिंग में अपराध नियंत्रण और ऑपरेशन आघात पर बनी रणनीति
रायगढ़, 9 मई 2026: रायगढ़ पुलिस कंट्रोल रूम में शुक्रवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना-चौकी प्रभारियों और शाखा प्रभारियों की महत्वपूर्ण अपराध समीक्षा बैठक ली।
बैठक में लंबित अपराध, कानून व्यवस्था, ऑपरेशन आघात, ऑपरेशन तलाश, सामाजिक पुलिसिंग और नशे के खिलाफ कार्रवाई सहित विभिन्न विषयों पर विस्तृत समीक्षा की गई।
तीन चरणों में हुई अपराध समीक्षा
क्राइम मीटिंग को तीन चरणों में आयोजित किया गया। पहले चरण में रायगढ़ अनुभाग, दूसरे चरण में धरमजयगढ़ और खरसिया अनुभाग तथा तीसरे चरण में जिला पुलिस की विभिन्न शाखाओं के कार्यों की समीक्षा की गई।
बैठक से पहले एसएसपी ने सभी अधिकारियों की वर्चुअल बैठक लेकर लंबित अपराधों और विवेचना की अद्यतन स्थिति के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए थे।
“ऑपरेशन तलाश” के तहत फरार आरोपियों पर फोकस
बैठक में लंबित गंभीर मामलों और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर विशेष रणनीति बनाई गई। एसएसपी ने “ऑपरेशन तलाश” के तहत जरूरत पड़ने पर पुलिस टीमों को दूसरे राज्यों में भेजने के निर्देश दिए।
उन्होंने सीएसपी और एसडीओपी को लंबित अपराधों के निराकरण की व्यक्तिगत जिम्मेदारी तय करने के निर्देश भी दिए।
“विजुअल पुलिसिंग” को मजबूत करने के निर्देश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सभी थाना और चौकी प्रभारियों को प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की दृश्य उपस्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने पेट्रोलिंग, बीट सिस्टम, फ्लैग मार्च और जनसंपर्क गतिविधियों को बढ़ाने पर जोर दिया, ताकि आम लोगों में सुरक्षा का विश्वास बढ़े और असामाजिक तत्वों में पुलिस का भय बना रहे।
नशा, जुआ-सट्टा और अवैध कारोबार पर सख्ती
बैठक में “ऑपरेशन आघात” के तहत मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि ओडिशा से आने वाला गांजा जिले के किसी भी थाना क्षेत्र से नहीं गुजरना चाहिए।
सभी थाना प्रभारियों को ढाबों की नियमित जांच, अवैध शराब बिक्री पर रोक और ढाबों में थाना प्रभारी का संपर्क नंबर प्रदर्शित कराने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही “ऑपरेशन अंकुश” के तहत ऑनलाइन सट्टा और धर्मकांटा की आड़ में चल रहे अवैध कबाड़ कारोबार पर भी सख्त निगरानी रखने को कहा गया।
सामुदायिक पुलिसिंग और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग पर जोर
एसएसपी ने थाना प्रभारियों को साइबर अपराध, ट्रैफिक जागरूकता, महिला सुरक्षा और नशा विरोधी अभियान चलाने के निर्देश दिए।
बैठक में सोशल मीडिया मॉनिटरिंग, कानून व्यवस्था, व्हीआईपी सुरक्षा और निर्माण कार्यों की प्रगति पर भी चर्चा की गई।
“अपराध नियंत्रण में ढिलाई बर्दाश्त नहीं”
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा और पुलिसिंग की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने लंबित मामलों के समयबद्ध निराकरण और अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही।


