रायगढ़ : प्लांट से रायपुर भेजे जा रहे 38.900 टन लोहे में 5 टन की हेराफेरी, तीन आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़। औद्योगिक संस्थान से रायपुर भेजे जा रहे लोहे के ट्रक में करीब 5 टन माल की हेराफेरी का मामला सामने आया है। पूंजीपथरा पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 5 लाख रुपये कीमत के दो बंडल लोहे के क्वायल बरामद किए हैं। आरोप है कि ट्रक चालक ने गैरेज में काम करने वाले युवक के साथ मिलकर रास्ते में ही लोहे के क्वायल उतारकर छिपा दिए थे। बाद में इन्हें बेचने की योजना थी।
रायपुर पहुंचने पर कम मिला 5 टन लोहा
पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर 2026 को चंद्रहासिनी इस्पात प्राइवेट लिमिटेड, गेरवानी से पवन पुत्र ट्यूब्स, रायपुर के लिए वाहन क्रमांक CG10BS7041 में 38.900 टन लोहा लोड कर भेजा गया था। 11 सितंबर को ट्रक रायपुर पहुंचा, जहां धर्मकांटा में वजन कराने पर करीब 5 टन माल कम पाया गया।
इसके बाद ट्रक चालक मुरली साहू वाहन छोड़कर फरार हो गया। कंपनी के सेल्स एग्जीक्यूटिव अर्पित पाण्डेय की रिपोर्ट पर पूंजीपथरा थाने में अपराध क्रमांक 253/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(3) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
भाई के दस्तावेज का इस्तेमाल कर चलाया ट्रक
जांच के दौरान पुलिस ने 30 अक्टूबर को ट्रक चालक मुरली साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में पता चला कि उसने अपने भाई चेतन साहू उर्फ रामजाने को अपना ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य दस्तावेज इस्तेमाल करने के लिए दिए थे।
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में जानबूझकर दस्तावेज उपलब्ध कराने और अपराध में सहयोग करने के साक्ष्य मिलने पर मुरली साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गैरेज में छिपाकर रखे थे लोहे के क्वायल
इसके बाद पुलिस ने 1 नवंबर को चेतन साहू उर्फ रामजाने को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने बताया कि रायगढ़ में अजीत पेट्रोल पंप के पास हरिओम गैरेज की देखरेख करने वाले संतोष गुप्ता के साथ मिलकर लोहे की हेराफेरी की योजना बनाई थी।
योजना के तहत 9 सितंबर को बाईपास रोड के उबड़-खाबड़ रास्ते में ट्रक से लोहे के दो क्वायल उतार दिए गए। इसके बाद संतोष गुप्ता ने दोनों क्वायल हरिओम गैरेज में छिपाकर रख दिए। पुलिस ने चेतन से मिली जानकारी के आधार पर गैरेज में दबिश दी और संतोष गुप्ता को हिरासत में लिया।
5 लाख रुपये का लोहा बरामद
पुलिस ने आरोपियों के बयान और निशानदेही पर गैरेज से करीब 5 टन वजन के दो बंडल लोहे के क्वायल बरामद किए। इनकी अनुमानित कीमत 5 लाख रुपये बताई गई है।
मामले में संतोष कुमार गुप्ता (25 वर्ष), निवासी ग्राम गोरी, जिला रोहतास, बिहार, हाल मुकाम बाबाधाम बाईपास रोड दरोगामुड़ा, रायगढ़ तथा चेतन साहू उर्फ रामजाने (30 वर्ष), निवासी ग्राम देवरी, जिला रायपुर को 1 नवंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं, मुरली साहू को भी पहले ही गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा जा चुका है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
यह कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन और डीएसपी सुशांतो बनर्जी के पर्यवेक्षण में की गई। कार्रवाई में पूंजीपथरा थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव, उप निरीक्षक दिलीप बेहरा, प्रशिक्षु उप निरीक्षक क्षितिज देवांगन सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


