रायगढ़ : ‘भारत व्यापार महोत्सव’ की तैयारियों में जुटा कैट, रायगढ़ से रिकॉर्ड भागीदारी का लक्ष्य
नई दिल्ली में होने वाले राष्ट्रीय व्यापार आयोजन को लेकर प्रदेशस्तरीय बैठक, स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने पर जोर
रायगढ़, 25 जुलाई। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) की प्रदेशस्तरीय बैठक रायपुर में आयोजित हुई, जिसमें आगामी 12 से 15 अगस्त 2026 तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होने वाले ‘भारत व्यापार महोत्सव’ की तैयारियों पर चर्चा की गई। बैठक में प्रदेश के 26 जिलों के व्यापारिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया, जिसमें रायगढ़ की टीम की सक्रिय भागीदारी चर्चा का केंद्र रही।
बैठक की अध्यक्षता कैट के नेशनल वाइस चेयरमैन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य अमर पारवानी ने की। इस दौरान रायगढ़ के प्रतिनिधियों ने महोत्सव में जिले से अधिकाधिक बिजनेस डेलीगेट्स की भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। उनका उद्देश्य स्थानीय उत्पादों, स्टार्टअप्स और हस्तशिल्प को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाना है।
अमर पारवानी ने कहा कि भारत व्यापार महोत्सव केवल एक व्यापार प्रदर्शनी नहीं, बल्कि भारतीय उद्यमिता और वैश्विक व्यापार का बड़ा मंच है। इसमें विभिन्न देशों के राजनयिक, विदेशी खरीदार, निवेशक, उद्योगपति और ई-कॉमर्स क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि शामिल होंगे, जिससे व्यापारियों को नए व्यावसायिक अवसर मिलेंगे।
बैठक में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), डिजिटल कॉमर्स, बी-2-बी नेटवर्किंग, ब्रांडिंग, फ्रेंचाइजी मॉडल और आधुनिक व्यापार तकनीकों पर भी चर्चा की गई। कैट के प्रदेश अध्यक्ष परमानंद जैन ने कहा कि यह आयोजन महिला उद्यमियों, एमएसएमई, हस्तशिल्पियों और स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने का अवसर प्रदान करेगा।
प्रदेश महामंत्री अवनीत सिंह ने बताया कि सभी जिलों में व्यापारियों और युवा उद्यमियों को महोत्सव से जोड़ने के लिए विशेष जनजागरण अभियान चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक कारोबारी इस आयोजन का लाभ उठा सकें।
बैठक में कैट के राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारियों सहित विभिन्न जिलों के व्यापारिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


