रायगढ़: मिडमिडा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मनाया गया विश्व दृष्टि दिवस, लोगों को दी नेत्र सुरक्षा की जानकारी
रायगढ़/पुसौर, 8 अक्टूबर 2026। ग्राम पंचायत मिडमिडा में लोगों को आंखों की देखभाल और दृष्टि सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से गुरुवार को विश्व दृष्टि दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मिडमिडा में छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी रायगढ़ डॉ. अनिल कुमार जगत के निर्देशन तथा अंधत्व नोडल अधिकारी डॉ. मीना पटेल और बीएमओ पुसौर डॉ. विनोद नायक के मार्गदर्शन में किया गया।
नेत्र रोगों और बचाव के उपाय बताए
इस अवसर पर वरिष्ठ नेत्र सहायक अधिकारी रामेश्वर पटेल ने उपस्थित लोगों को आंखों की सुरक्षा और सामान्य नेत्र रोगों के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने नियमित रूप से आंखों की जांच कराने की सलाह देते हुए कहा कि लोगों को कम से कम छह महीने के अंतराल में निकटतम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में नेत्र परीक्षण कराना चाहिए।
कार्यक्रम में रतौंधी से बचाव के लिए पौष्टिक आहार लेने पर भी जोर दिया गया। हरी पत्तेदार सब्जियों के साथ गाजर, मुनगा, कद्दू, दूध, अंडा और मछली जैसे खाद्य पदार्थों को आहार में शामिल करने की सलाह दी गई।
कम रोशनी में पढ़ने से बचने की सलाह
लोगों को सलाह दी गई कि कम रोशनी में या लेटकर पढ़ने से बचें और आंखों पर अनावश्यक दबाव न डालें। वहीं, मोतियाबिंद के ऑपरेशन के बाद आंखों को धूल और धुएं से बचाने की बात भी कही गई।
विश्व दृष्टि दिवस हर वर्ष अक्टूबर के दूसरे गुरुवार को मनाया जाता है और इसका उद्देश्य नेत्र स्वास्थ्य तथा दृष्टि संबंधी समस्याओं को लेकर जागरूकता बढ़ाना है। इस वर्ष 8 अक्टूबर को यह दिवस मनाया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में डॉ. नंदकिशोर खमारी, प्रभारी सोमेश कुमार सहित नेत्र सहायक अधिकारी मिथिलेश पटेल, खितेश्वर गुप्ता, परमानंद राठिया, हरकेश्वर नायक, अजय कुशराम और सुरेश पटेल उपस्थित रहे।
इसके अलावा वार्डबॉय रबी साहू, स्टाफ नर्स ए.जे. पौडवाल, अनीता राठिया, निर्मल भारद्वाज, प्रकाश चंद, दुष्यंत श्रीवास, पुष्पा सारथी और राजेश सारथी सहित स्वास्थ्य केंद्र का स्टाफ मौजूद रहा।
