रायगढ़ में ऑनलाइन IPL सट्टा नेटवर्क पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 5 आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़, 9 मई 2026: रायगढ़ पुलिस ने “ऑपरेशन अंकुश” के तहत आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कोतवाली थाना क्षेत्र में तीन अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर यह कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नगदी रकम, मोबाइल फोन और नोट गिनने की मशीन जब्त की है।


आरएस ट्रेडिंग कंपनी ऑफिस में चल रहा था सट्टा

पहली कार्रवाई कोतरारोड बायपास क्षेत्र में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरएस ट्रेडिंग कंपनी के ऑफिस में मोबाइल फोन के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित किया जा रहा है।

पुलिस टीम ने छापा मारकर साकेत सिंघानिया (37) निवासी गजानंदपुरम को गिरफ्तार किया। जांच के दौरान उसके मोबाइल फोन से ऑनलाइन बेटिंग आईडी, व्हाट्सएप चैट, यूपीआई बारकोड और लेनदेन से जुड़े डिजिटल साक्ष्य मिले।

पुलिस ने आरोपी के पास से मोबाइल फोन और iPhone 13 Pro जब्त कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।


महिला सहित तीन आरोपी पकड़े गए

दूसरी कार्रवाई पुराने पंजाब नेशनल बैंक के पास स्थित एक राशन दुकान में की गई, जहां ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके से रितेश डालमिया (28) को रंगे हाथ पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों पिंटू हलवाई, प्रियंका हलवाई और रौनक मोदनवाल के साथ सट्टा नेटवर्क चलाने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने चांदमारी क्षेत्र में दबिश देकर रौनक मोदनवाल और प्रियंका हलवाई को गिरफ्तार किया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से आईफोन, विवो और सैमसंग मोबाइल फोन, 2 लाख 70 हजार रुपये नकद और नोट गिनने की इलेक्ट्रॉनिक मशीन बरामद की गई।


किराए के मकान से संचालित हो रहा था सट्टा

तीसरी कार्रवाई रामभांठा क्षेत्र के संजय मैदान इलाके में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि किराए के मकान की दूसरी मंजिल पर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा चलाया जा रहा है।

पुलिस ने मौके से प्रदीप कुमार पांडेय को गिरफ्तार किया। उसके मोबाइल फोन से क्रिकेट गुरु ऐप, फोन-पे ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड और डिजिटल लेनदेन के स्क्रीनशॉट मिले।

पुलिस ने आरोपी के पास से विवो मोबाइल जब्त किया, जिसमें करीब 89,950 रुपये के डिजिटल लेनदेन के सबूत मिले हैं।


मुख्य आरोपी पिंटू हलवाई फरार

पुलिस के अनुसार पिंटू हलवाई अभी फरार है और उसे सभी मामलों में आरोपी बनाया गया है। उसकी तलाश जारी है।


ऑनलाइन सट्टे पर लगातार कार्रवाई जारी

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा समाज और युवाओं को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से नुकसान पहुंचाने वाला अपराध है। उन्होंने कहा कि पुलिस ऐसे संगठित अपराधों के खिलाफ लगातार तकनीकी और जमीनी स्तर पर कार्रवाई कर रही है।

तीनों अलग-अलग मामलों में कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

Back to top button