
रायगढ़ में ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई, 4 माजदा वाहनों से 14 टन अवैध कबाड़ जब्त
रायगढ़, 10 मई 2026: रायगढ़ जिले में अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार माजदा वाहनों से भारी मात्रा में कबाड़ जब्त किया है।
पुलिस ने 14 टन 700 किलो लोहे और टीना का कबाड़ तथा वाहनों समेत कुल 31 लाख 23 हजार 800 रुपये की संपत्ति जब्त की है। मामला पूंजीपथरा थाना क्षेत्र का है।
नाकेबंदी के दौरान पकड़े गए वाहन
जानकारी के अनुसार शनिवार को पूंजीपथरा पुलिस तमनार चौक पर नाकेबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि धरमजयगढ़ और घरघोड़ा क्षेत्र से अलग-अलग वाहनों में कबाड़ लोड कर पूंजीपथरा की ओर लाया जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने चार माजदा वाहनों को रोककर जांच की, जिनमें भारी मात्रा में कबाड़ लोड मिला।
चारों वाहनों में मिला भारी मात्रा में कबाड़
जांच के दौरान चालक पुरुषोत्तम यादव निवासी धरमजयगढ़ के वाहन से करीब 3 टन 700 किलो कबाड़ बरामद हुआ। वहीं चालक दीपक राम मांझी निवासी पत्थलगांव के वाहन में करीब 4 टन कबाड़ मिला।
इसी प्रकार पुनवा राम नौरंग निवासी जिला सक्ती के वाहन से 3 टन तथा किशना सतनामी निवासी सक्ती के वाहन से करीब 4 टन लोहे और टीना का कबाड़ पाया गया।
वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके चालक
पुलिस द्वारा कबाड़ परिवहन से संबंधित दस्तावेज मांगने पर कोई भी चालक वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने चोरी और संदिग्ध संपत्ति होने के संदेह में कार्रवाई की।
चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।
31 लाख से ज्यादा की संपत्ति जब्त
पुलिस ने कुल 3 लाख 23 हजार 800 रुपये मूल्य का 14 टन 700 किलो कबाड़ और वाहनों समेत कुल 31 लाख 23 हजार 800 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
अवैध कारोबारियों पर लगातार कार्रवाई: एसएसपी
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत चोरी के माल, अवैध कबाड़ कारोबार और संदिग्ध संपत्ति के परिवहन पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि ऐसे अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही उद्योगों, व्यापारियों और आम नागरिकों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।


