रायगढ़ में जमीन विवाद में बुजुर्ग महिला की हत्या, भतीजे ने लात-घूसों से मारकर शव जंगल में फेंका

रायगढ़: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक ग्रामीण ने अपनी बड़ी मां की पिटाई कर हत्या कर दी और शव को जंगल में फेंक दिया। घटना का खुलासा 4 दिन बाद सड़ी-गली लाश मिलने पर हुआ।


लापता महिला की तलाश में खुला मामला

मामला छाल थाना क्षेत्र का है। ग्राम बेहरामार निवासी लोकनाथ राठिया ने अपनी 70 वर्षीय मां केवला बाई राठिया के 4-5 दिनों से लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने जमीन विवाद के चलते अपने चचेरे भाई आशन राठिया पर संदेह जताया था।


जंगल में मिला सड़ा-गला शव

इसी दौरान पुलिस को बेहरामार-जामपाली मार्ग के जंगल में झाड़ियों के बीच एक शव पड़े होने और दुर्गंध आने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने गड्ढे में सड़ी-गली हालत में महिला का शव बरामद किया, जिसकी पहचान केवला बाई राठिया के रूप में हुई।


जमीन विवाद में की हत्या

जांच में सामने आया कि जमीन बंटवारे और बिक्री को लेकर आशन राठिया का अपनी बड़ी मां से लंबे समय से विवाद चल रहा था। 18 अप्रैल को महुआ बीनने के दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसमें आरोपी ने लात-घूसों और हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया, जिससे महिला की मौत हो गई।


साक्ष्य छिपाने के लिए जंगल में फेंका शव

घटना के बाद आरोपी ने शव को मोटरसाइकिल में लादकर जंगल के झुरमुट में फेंक दिया, ताकि किसी को भनक न लगे। पुलिस ने संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने हत्या की बात कबूल कर ली।


आरोपी गिरफ्तार, बाइक जब्त

पुलिस ने आरोपी आशन राठिया को गिरफ्तार कर लिया है और उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त बाइक एवं अन्य साक्ष्य जब्त किए हैं। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


एसएसपी का सख्त संदेश

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि पारिवारिक या जमीन विवाद में कानून हाथ में लेना अपराध है। ऐसे मामलों में रायगढ़ पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत सख्त कार्रवाई करेगी।

Back to top button