
रायगढ़ में ढाबे पर अवैध डीजल कारोबार का भंडाफोड़: 160 लीटर जब्त, संचालक गिरफ्तार
रायगढ़। जिले के तमनार थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ढाबे पर अवैध रूप से डीजल की खरीदी-बिक्री का खुलासा किया है। पुलिस ने मौके से 160 लीटर डीजल जब्त कर ढाबा संचालक को गिरफ्तार किया है।
सूचना पर पुलिस की दबिश
पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम गारे स्थित ‘अपना ढाबा’ में ज्वलनशील पदार्थ डीजल का अवैध भंडारण किया गया है। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
प्लास्टिक जरीकेन में रखा था डीजल
जांच के दौरान ढाबे में प्लास्टिक जरीकेन में भरा हुआ करीब 160 लीटर डीजल बरामद हुआ। डीजल को 50-50 लीटर क्षमता वाले कंटेनरों में बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के रखा गया था।
आरोपी ने कबूला जुर्म
पुलिस पूछताछ में ढाबा संचालक दिलहरण कश्यप (46), निवासी ग्राम सलखन ने अवैध रूप से डीजल बिक्री करना स्वीकार किया।
कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 287 बीएनएस एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3 और 7 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
एसएसपी की चेतावनी
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर ज्वलनशील पदार्थों का अवैध भंडारण गंभीर खतरा है। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि ऐसे अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।


