रायगढ़ में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, ओपी चौधरी ने किया ध्वजारोहण, परेड की ली सलामी, उत्कृष्ट कर्मचारियों का हुआ सम्मान
रायगढ़, 15 अगस्त 2026। जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय पर्व हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी और जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

समारोह में परेड निरीक्षण, मार्चपास्ट, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के संदेश का वाचन, शहीद परिवारों का सम्मान, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों का सम्मान किया गया। इस दौरान राष्ट्रीय गीत, राष्ट्रगान, परेड द्वारा सलामी और हर्ष फायर सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित हुए।
मुख्यमंत्री के संदेश का किया वाचन
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का प्रदेशवासियों के नाम संदेश का वाचन किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले महान सपूतों को नमन करने का अवसर है। देश की एकता और अखंडता की गौरवशाली यात्रा से प्रेरणा लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करना सभी की जिम्मेदारी है।

शहीद परिवारों का हुआ सम्मान
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देश की रक्षा में प्राण न्योछावर करने वाले शहीदों के परिवारजनों को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।
सम्मानित परिवारजनों में शहीद आर.स्व. लक्ष्मीनारायण राठिया, शहीद आर.स्व. बीर सिंह श्रीवास, शहीद प्र.आर. राघवराम ओझा, शहीद आर. सुखसाय भगत, शहीद आर. शिव कुमार सिदार, शहीद स्व. तनिकलाल पटेल, शहीद आर.स्व. राजाराम एक्का, शहीद एपीसी स्व. पंचराम भगत, शहीद प्लाटून कमांडर स्व. गीताराम राठिया एवं शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी के परिजन शामिल रहे।

देशभक्ति से सराबोर रहा सांस्कृतिक कार्यक्रम
मुख्य समारोह में छह विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों पर सामूहिक नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों से समारोह स्थल पर देशभक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।
प्रस्तुतियों के आधार पर कार्मेल कॉन्वेंट इंग्लिश मीडियम स्कूल ने प्रथम, सेंट जेवियर्स स्कूल ने द्वितीय और लिटिल एंजल स्कूल पुसौर ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेता विद्यालयों को प्रशस्ति पत्र और शील्ड प्रदान की गई।
आदर्श बाल मंदिर स्कूल, विद्या विकास कान्सेप्ट एवं शालिनी मुक्ति प्रकाश स्कूल के विद्यार्थियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।

147 अधिकारी-कर्मचारियों को किया गया सम्मानित
शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन में उत्कृष्ट भूमिका निभाने वाले विभिन्न विभागों के 147 अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने सम्मानित अधिकारी-कर्मचारियों को बधाई देते हुए जनसेवा के कार्यों को इसी समर्पण और जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया।

सर्वश्रेष्ठ परेड दल भी हुए सम्मानित
परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक अमित सिंह और सेकेंड इन कमांड सूबेदार प्रेमचंद के नेतृत्व में विभिन्न टुकड़ियों ने मार्चपास्ट किया।
पुलिस वर्ग में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की 6वीं वाहिनी ने प्रथम, जिला महिला पुलिस बल ने द्वितीय और जिला पुलिस बल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
गैर-पुलिस वर्ग में एनसीसी सीनियर डिवीजन प्रथम, एनसीसी सीनियर विंग द्वितीय और गर्ल्स गाइड तृतीय रहे। विजेता दलों को सम्मानित किया गया।

साइबर जागृति अभियान के तहत दिया जागरूकता संदेश
मुख्य समारोह के दौरान वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने साइबर जागृति अभियान के तहत सेल्फी लेकर नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया।
उन्होंने लोगों से अनजान व्यक्तियों के साथ OTP, ATM PIN, आधार नंबर और पासवर्ड साझा नहीं करने की अपील की। साथ ही अनजान APK लिंक पर क्लिक नहीं करने और अनजान WhatsApp वीडियो कॉल से सावधान रहने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि मोबाइल ऐप केवल आधिकारिक Play Store या App Store से ही डाउनलोड करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं।

समारोह में ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्री लाल साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष शिखा रविन्द्र गबेल, जिला पंचायत सदस्य सुषमा खलखो, जनपद पंचायत अध्यक्ष हेमलता चौहान सहित जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
इसके अलावा अरुणधर दीवान, सुरेश गोयल, विजय अग्रवाल, विकास केडिया, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, डीएफओ अरविंद पीएम, जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बबन पठारे, सहायक कलेक्टर गोकुल आर.के., नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, एडीएम अपूर्व प्रियेश टोप्पो, अपर कलेक्टर रवि राही, डॉ. प्रियंका वर्मा, संयुक्त कलेक्टर पूजा बंसल और डिप्टी कलेक्टर धनराज मरकाम सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी, शिक्षक और बड़ी संख्या में जिलेवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन प्राचार्य राजेश डेनियल और रणजीत कौर ने किया।











