रायगढ़ में CM साय के प्रवास को लेकर सुरक्षा व्यवस्था सख्त, 3 किमी क्षेत्र में ड्रोन उड़ाने पर रोक

रायगढ़। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के 23 और 24 सितंबर के रायगढ़ प्रवास को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के तहत हेलीपैड और प्रमुख कार्यक्रम स्थलों के आसपास के क्षेत्र को नो-ड्रोन फ्लाइंग जोन घोषित किया है। प्रशासन के आदेश के अनुसार निर्धारित क्षेत्रों के 3 किलोमीटर के दायरे में ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध रहेगा।

इन क्षेत्रों में लागू रहेगा प्रतिबंध

जिला प्रशासन के अनुसार जिंदल एयरपोर्ट स्थित हेलीपैड, रामलीला मैदान, सर्किट हाउस और खर्रा घाट के आसपास 3 किलोमीटर के क्षेत्र में मुख्यमंत्री के प्रवास के दौरान ड्रोन उड़ाने की अनुमति नहीं होगी।

यह प्रतिबंध मुख्यमंत्री की सुरक्षा और उनके कार्यक्रमों के दौरान हवाई क्षेत्र को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से लागू किया गया है।

23 सितंबर को लैंडिंग, 24 को प्रस्तावित उड़ान

प्रशासन के मुताबिक मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर की 23 सितंबर को जिंदल एयरपोर्ट के टैक्सी-वे स्थित हेलीपैड पर लैंडिंग प्रस्तावित है। वहीं 24 सितंबर को हेलीकॉप्टर की उड़ान प्रस्तावित है।

लोक निर्माण विभाग से प्राप्त जानकारी के आधार पर संबंधित हेलीपैड को टेकऑफ के लिए सुरक्षित और उपयुक्त बताया गया है।

कई स्थानों पर कार्यक्रम प्रस्तावित

मुख्यमंत्री के दो दिवसीय रायगढ़ प्रवास के दौरान जिंदल एयरपोर्ट, अग्रोहा धाम ढिमरापुर, ग्राम भोजपल्ली, रामलीला मैदान, सर्किट हाउस, मोती महल और खर्रा घाट में विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।

इन कार्यक्रमों को देखते हुए प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की ओर से आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि मुख्यमंत्री के प्रवास के दौरान निर्धारित नो-ड्रोन जोन में ड्रोन का संचालन न करें और सुरक्षा संबंधी आदेशों का पालन करें।

Back to top button