रायगढ़: मोबाइल विवाद में पति बना हैवान, लकड़ी के पट्टे से पीट-पीटकर पत्नी की हत्या; 48 घंटे में गिरफ्तार
धरमजयगढ़ (रायगढ़): जिले के धरमजयगढ़ स्थित मस्जिदपारा में हुए महिला हत्याकांड का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। आरोपी पति ने मामूली विवाद में अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
क्या था पूरा मामला?
13 जुलाई 2026 को मस्जिदपारा के एक बाड़ी परिसर में झाड़ियों के बीच बोरी में ढका हुआ 48 वर्षीय राजकुमारी चौहान का शव मिला था। घटना के बाद से ही उसका पति मोहब्बत चौहान फरार था। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की।
पूछताछ में खुला खौफनाक सच
पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद आरोपी मोहब्बत चौहान ने अपना जुर्म कबूल लिया। उसने बताया कि उसकी पत्नी ने उसका मोबाइल कहीं गिरवी रख दिया था। 12 जुलाई की रात जब उसने मोबाइल के बारे में पूछा और पत्नी ने सही जानकारी नहीं दी, तो गुस्से में आकर उसने लकड़ी के एक चौड़े पट्टे से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। साक्ष्य छिपाने के लिए उसने शव को बोरी में लपेटकर झाड़ियों में फेंक दिया था।
आरोपी का रहा है आपराधिक इतिहास
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी मोहब्बत चौहान पहले भी अपने ससुर की हत्या के मामले में जेल जा चुका है। वह और उसकी पत्नी दोनों शराब के आदी थे और अक्सर उनके बीच विवाद होता रहता था।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में धरमजयगढ़ पुलिस की टीम ने वैज्ञानिक साक्ष्यों, गवाहों के बयानों और आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त ‘लकड़ी का पट्टा’ बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) (हत्या) और 238(बी) (साक्ष्य मिटाना) के तहत मामला दर्ज किया है।
रायगढ़ पुलिस का सख्त संदेश:
एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि घरेलू हिंसा और पारिवारिक विवादों में होने वाली हिंसक वारदातों के प्रति पुलिस ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपना रही है। इस मामले में भी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्यारे को सलाखों के पीछे पहुँचा दिया है।



