रायगढ़ : वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने निःशुल्क पौधा वितरण वैन को दिखाई हरी झंडी
अब एक कॉल पर घर पहुंचेगा पौधा, नगर निगम क्षेत्र के लोगों को मिलेगी निःशुल्क सेवा
रायगढ़, 24 जुलाई। प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने शुक्रवार को अपने निवास कार्यालय से वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, वन मंडल रायगढ़ की निःशुल्क पौधा वितरण वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस पहल के तहत रायगढ़ नगर निगम क्षेत्र के नागरिक अब टोल-फ्री नंबर पर कॉल कर अपने घर तक निःशुल्क पौधे मंगवा सकेंगे।
इस अवसर पर महापौर जीवर्धन चौहान, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, डीएफओ अरविंद पीएम सहित जनप्रतिनिधि एवं वन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
वित्त मंत्री ने कहा कि नागरिकों को अब पौधे लेने के लिए नर्सरी या वन विभाग के कार्यालय नहीं जाना पड़ेगा। वन विभाग की टीम कॉल मिलने के बाद सीधे घर पहुंचकर पौधे उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।


उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत आम, अमरूद, नींबू सहित फलदार, छायादार और अन्य उपयोगी प्रजातियों के पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि लोग अपनी आवश्यकता के अनुसार पौधारोपण कर सकें।
ओपी चौधरी ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने घर, आंगन, बाड़ी, खेत, तालाब किनारे, पार्क या अन्य उपलब्ध स्थानों पर अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उनका संरक्षण भी करें। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ पर्यावरण का आधार बन सकता है।
वन विभाग ने नगर निगम क्षेत्र के नागरिकों के लिए टोल-फ्री नंबर 8305186853 एवं 18002332631 जारी किए हैं, जिन पर कॉल कर निःशुल्क पौधों की घर पहुंच सेवा का लाभ लिया जा सकता है।



