छत्तीसगढ़

रायगढ़ : साइबर जागरूकता के लिए पुलिस की अनूठी पहल, 11 राज्यों से मिलीं 162 फिल्में; रूस से भी आई प्रविष्टि

रायगढ़, 10 अक्टूबर 2026। साइबर अपराधों के प्रति आम लोगों को जागरूक करने के लिए रायगढ़ पुलिस की ओर से शुरू की गई लघु फिल्म प्रतियोगिता को प्रदेश स्तर पर सराहना मिली है। इस पहल को छत्तीसगढ़ के आठ अनूठे प्रयासों में शामिल किया गया। रायपुर में आयोजित साइबर जागृति अभियान के अभिनंदन समारोह में मुख्यमंत्री, गृहमंत्री और पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने रायगढ़ पुलिस की इस पहल को सम्मानित किया।

सात सप्ताह में दो लाख लोगों तक पहुंचा साइबर सुरक्षा का संदेश

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में रायगढ़ पुलिस ने 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक प्रदेशव्यापी साइबर जागृति अभियान के दौरान जिले में 350 से अधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। स्कूलों, कॉलेजों, बाजारों, औद्योगिक क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थानों पर आयोजित इन कार्यक्रमों के जरिए करीब 37 हजार साइबर जागरूकता सेल्फी दर्ज की गईं और लगभग दो लाख लोगों तक साइबर सुरक्षा तथा ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव का संदेश पहुंचाया गया।

11 राज्यों के 35 जिलों से आईं 162 फिल्में

युवाओं को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित लघु फिल्म प्रतियोगिता को देशभर से अच्छा प्रतिसाद मिला। प्रतियोगिता में 11 राज्यों के 35 जिलों से कुल 162 फिल्म प्रविष्टियां प्राप्त हुईं। खास बात यह रही कि रूस से भी एक प्रतिभागी ने अपनी फिल्म भेजी।

‘संकल्प : साइबर क्राइम मुक्त छत्तीसगढ़’ थीम पर आयोजित प्रतियोगिता में साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी और डिजिटल सुरक्षा जैसे विषयों को रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत किया गया। इसका उद्देश्य युवाओं को अपनी प्रतिभा के माध्यम से समाज में साइबर जागरूकता फैलाने का अवसर देना था।

रायगढ़ पुलिस ने बनाई ‘द साइबर ट्रैप’ फिल्म

प्रतियोगिता के साथ रायगढ़ पुलिस ने साइबर अपराधों से बचाव के उपायों पर आधारित लघु फिल्म ‘The Cyber Trap’ भी तैयार की। फिल्म की कहानी और निर्देशन ऋभू समर्थ सिंह ने किया है। प्रतियोगिता के समापन समारोह में इसकी विशेष स्क्रीनिंग की गई, जिसे दो हजार से अधिक स्कूली विद्यार्थियों ने देखा।

छह विजेताओं को मिले 3.75 लाख रुपये

प्रतियोगिता में दो श्रेणियां रखी गई थीं। तीन से छह मिनट की फिल्मों की श्रेणी में ‘दूसर छोर’ ने पहला, ‘जरूरत’ ने दूसरा और ‘गुपचुप ठेला’ ने तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं, छोटी फिल्मों और रील की श्रेणी में ‘एक्सेस लिंक’ पहले, ‘Dial 1930’ दूसरे और ‘Golden Hour’ तीसरे स्थान पर रही।

दोनों श्रेणियों के छह विजेताओं को कुल 3.75 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। आयोजन में रोटरी क्लब रायगढ़ का सहयोग रहा, जबकि प्रतियोगिता के प्रबंधन की जिम्मेदारी Take 3 Studios ने संभाली।

साइबर अपराधों से बचाव में जनभागीदारी पर जोर

रायगढ़ पुलिस की इस पहल को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है। प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं की रचनात्मकता को डिजिटल सुरक्षा के संदेश से जोड़ा गया, ताकि ऑनलाइन धोखाधड़ी और अन्य साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जा सके।

Show More
भीम तिवारी

भीम तिवारी

प्रधान संपादक
Back to top button