रायपुर: अगले चार दिन प्रदेशभर में होगी झमाझम बारिश, कई जिलों में भारी वर्षा और आकाशीय बिजली का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून अब तेजी से सक्रिय हो रहा है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों में मानसून पूरे राज्य को कवर कर लेगा। इस दौरान कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी व्यक्त की गई है।

सोमवार को भी प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश तथा कुछ स्थानों पर तेज बारिश होने का अनुमान है। राजधानी रायपुर में दिनभर बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने और अधिकतम तापमान 38 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

बारिश के बीच प्रदेश में दो अलग-अलग हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। बेमेतरा जिले के राऊरपुर गांव में शनिवार रात हुई भारी बारिश के कारण एक कच्चे मकान की दीवार ढह गई। मलबे में दबने से आंगन में खेल रही दो सगी बहनों वंशिका कोसले (12) और राधिका कोसले (9) की मौत हो गई, जबकि एक महिला घायल हो गई। वहीं सुकमा जिले के कुकानार गांव में खेत से लौटते समय इमली के पेड़ के नीचे बारिश से बच रहे युवकों पर आकाशीय बिजली गिरने से अजय नाग (18) की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए।

मौसम विभाग के अनुसार रविवार को प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। कोहकामेटा में सर्वाधिक 70 मिमी, कोंटा में 60 मिमी और खड़गांव में 50 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा करपावंड, फरसगांव, मानपुर, नारायणपुर, मर्दापाल, रामचंद्रपुर और गंडई में 40-40 मिमी तथा दुर्ग, मुंगेली समेत कई क्षेत्रों में 30 मिमी तक बारिश हुई।

मानसून अब तक रायपुर, दुर्ग, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदाबाजार, बेमेतरा, कबीरधाम, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर, बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा और बीजापुर सहित 18 से अधिक जिलों में पहुंच चुका है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 48 घंटों में सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर, कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, जशपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बिलासपुर, मुंगेली, जांजगीर-चांपा, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और रायगढ़ में भी मानसून की एंट्री हो सकती है।

हालांकि मानसून की सक्रियता बढ़ने के बावजूद प्रदेश के अधिकांश जिलों में सामान्य से कम वर्षा दर्ज की गई है। राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, बलौदाबाजार, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और सक्ती समेत कई जिलों में अब भी सामान्य से 80 प्रतिशत से अधिक वर्षा की कमी बनी हुई है।

Back to top button