रायपुर एप्पल स्टोर चोरी का खुलासा : अंतरराज्यीय कंजर गिरोह के दो आरोपी गिरफ्तार, करीब 1.50 करोड़ के 125 आईफोन बरामद

रायपुर। राजधानी रायपुर के मरीन ड्राइव (तेलीबांधा थाना क्षेत्र) स्थित एप्पल स्टोर से लगभग दो करोड़ रुपये मूल्य के आईफोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की चोरी के मामले में पुलिस ने अंतरराज्यीय कंजर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस प्रकरण में गिरोह के सरगना समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही पर करीब 1.50 करोड़ रुपये कीमत के 125 आईफोन बरामद किए हैं। मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं।
आठ मिनट में वारदात, डीवीआर भी ले गए थे चोर
जानकारी के अनुसार, 31 अक्टूबर और 1 नवंबर की दरम्यानी रात अज्ञात आरोपियों ने मरीन ड्राइव स्थित एप्पल स्टोर का शटर उठाकर प्रवेश किया था। स्टोर संचालक ऋषभ डागा द्वारा 1 नवंबर को तेलीबांधा थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के मुताबिक, चोर दुकान से करीब 173 आईफोन के अलावा एप्पल वॉच, हेडफोन और एयरपॉड ले गए थे, जिनकी कीमत लगभग 1.89 से 2 करोड़ रुपये आंकी गई थी। जाते समय आरोपी दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी साथ ले गए थे।
250 किलोमीटर के रूट और 1000 से अधिक सीसीटीवी खंगाले
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश और एडिशनल कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीमों ने करीब 25 दिनों तक जांच की। शुरुआती फुटेज में तीन संदिग्ध रात 2:37 बजे दोपहिया वाहन से आते और 2:45 बजे निकलते दिखे थे। पुलिस ने लगभग 250 किलोमीटर के रूट पर 1000 से अधिक सीसीटीवी फुटेज और सेल टावर डेटा का विश्लेषण किया।
जांच के दौरान महाराष्ट्र के मौधा में कुल्हान नदी के किनारे एक लावारिस मोटरसाइकिल मिली, जिसके इंजन और चेसिस नंबर मिटाए गए थे। पड़ताल में यह बाइक 25 अक्टूबर को रायपुर के तेलीबांधा क्षेत्र से चोरी हुई पाई गई। इसके अलावा 2024 में जयपुर के एप्पल स्टोर में हुई चोरी के पुराने मामलों और अपराध डेटा से मिली कड़ियों के आधार पर मध्य प्रदेश के देवास और इंदौर क्षेत्र के कंजर गिरोह की संलिप्तता सामने आई।
सरगना राजेश झाला और खरीदार सफान खान गिरफ्तार
पुलिस ने मध्य प्रदेश के देवास जिले के टोंककला निवासी राजेश अजय सिंह झाला उर्फ झाला (43 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ मध्य प्रदेश और राजस्थान में 47 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। पूछताछ में उसने अपने बेटे राजा झाला और गांव के राजेश लोधी के साथ मिलकर चोरी करने तथा माल इंदौर निवासी सफान खान को सौंपने की बात स्वीकार की।
चोरी का माल खपाने वाले आरोपी सफान खान (35 वर्ष), निवासी बड़वानी/इंदौर को विदेश भागने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी निशानदेही पर मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के जुलवानिया से 125 आईफोन बरामद किए गए, जिनकी कीमत करीब 1.50 करोड़ रुपये है।
दो आरोपी फरार, अन्य राज्यों और सीमावर्ती नेटवर्क की जांच जारी
तेलीबांधा पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 331(4) और 305 के तहत कार्रवाई की है। फिलहाल फरार चल रहे आरोपी राजा झाला और राजेश लोधी की तलाश में पुलिस टीमें मध्य प्रदेश में कैंप कर रही हैं। पुलिस चोरी के आईफोन को नेपाल व बांग्लादेश में खपाए जाने के इनपुट तथा देश के अन्य राज्यों में हुई एप्पल स्टोर चोरियों से इस गिरोह के संबंधों की भी पड़ताल कर रही है।
