रायपुर: कटोरा तालाब के पास स्कूटी से 10 लाख रुपये पार, पान खाने गए कपड़ा कारोबारी को बनाया निशाना

रायपुर। राजधानी रायपुर में उठाईगिरी की एक घटना सामने आई है। कटोरा तालाब के पास एक कपड़ा कारोबारी की स्कूटी में रखे बैग से 10 लाख रुपये नकद चोरी हो गए। कारोबारी स्कूटी सड़क किनारे खड़ी कर पास की दुकान में पान खाने गए थे। इसी दौरान अज्ञात आरोपी बैग लेकर फरार हो गए। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

स्कूटी में रखा था नकदी से भरा बैग

मिली जानकारी के अनुसार, कपड़ा कारोबारी किशोर बलवानी शुक्रवार को अपनी स्कूटी से जा रहे थे। कटोरा तालाब के पास उन्होंने स्कूटी सड़क किनारे खड़ी की और पास की दुकान पर पान खाने चले गए। स्कूटी में रखे बैग में 10 लाख रुपये नकद थे।

कुछ देर बाद जब कारोबारी वापस लौटे, तो स्कूटी से बैग गायब मिला। इसके बाद उन्होंने पुलिस को घटना की सूचना दी।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस अन्य सुरागों के आधार पर भी संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

आरोपियों की तलाश जारी

फिलहाल, घटना में शामिल आरोपियों की पहचान और नकदी की बरामदगी को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस जांच के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।

Back to top button