रायपुर कांग्रेस में वार्ड अध्यक्षों की सूची पर विवाद, PCC ने जारी सूची को किया निरस्त

रायपुर। कांग्रेस संगठन के भीतर वार्ड अध्यक्षों की सूची को लेकर विवाद की स्थिति बन गई है। पीसीसी चीफ दीपक बैज द्वारा संगठन विस्तार के निर्देश दिए जाने के बीच रायपुर शहर कांग्रेस द्वारा जारी की गई वार्ड अध्यक्षों की सूची को प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) ने अवैधानिक बताते हुए निरस्त कर दिया है।


66 वार्ड अध्यक्षों की सूची जारी, फिर तत्काल रद्द

जानकारी के अनुसार, रायपुर शहर कांग्रेस ने 66 वार्डों के अध्यक्षों की सूची जारी की थी, लेकिन कुछ ही घंटों के भीतर पीसीसी ने इस सूची को निरस्त कर दिया। पीसीसी का कहना है कि सूची जारी करने से पहले आवश्यक अनुमोदन नहीं लिया गया था, इसलिए इसे वैध नहीं माना जा सकता।


संगठन विस्तार को लेकर दिए गए थे निर्देश

पीसीसी प्रमुख दीपक बैज ने सभी जिलाध्यक्षों को निर्देश दिया है कि बूथ स्तर से लेकर जिला कांग्रेस कमेटी तक नई कार्यकारिणी का गठन 15 अप्रैल तक पूर्ण किया जाए। इसी प्रक्रिया के तहत रायपुर में भी नियुक्तियों की कवायद शुरू की गई थी।


समीक्षा बैठक के बाद बढ़ी सक्रियता

दो दिन पहले हुई समीक्षा बैठक में अब तक कार्यकारिणी और वार्ड अध्यक्षों की नियुक्ति नहीं होने पर नाराजगी जताई गई थी। इसके बाद शुक्रवार को शहर कांग्रेस ने सूची जारी कर दी, जिस पर तत्काल आपत्ति दर्ज करते हुए पीसीसी ने उसे खारिज कर दिया।


नेताओं ने कहा- संवाद से सुलझेगा मामला

मामले में रायपुर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन ने कहा कि इस विषय पर प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज और वरिष्ठ पदाधिकारियों से चर्चा की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन के भीतर किसी प्रकार का टकराव नहीं है और सभी मुद्दे आपसी संवाद से सुलझा लिए जाएंगे।


संचार विभाग ने भी दी सफाई

कांग्रेस संचार विभाग की ओर से भी कहा गया है कि किसी प्रकार की गड़बड़ी या मतभेद की स्थिति नहीं है। पिछली बैठक में कार्यकारिणी गठन के निर्देश दिए गए थे, जिसके तहत सूची जारी की गई थी, लेकिन उसे अनुमोदन के बाद ही सार्वजनिक किया जाना था।

Back to top button