रायपुर : छत्तीसगढ़ में दिव्यांगों के लिए सरकारी नौकरी के नए अवसर, नेत्रहीन भी बन सकेंगे अधिकारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए सरकारी सेवा में आगे बढ़ने के अवसरों को लेकर राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण बदलाव किया है। सरकार ने दिव्यांगजनों के लिए चिन्हित सरकारी पदों की संशोधित सूची जारी की है। इसमें अलग-अलग श्रेणी की दिव्यांगता के आधार पर प्रथम से चतुर्थ श्रेणी तक के पदों को चिह्नित किया गया है।

इस बदलाव का सबसे अहम पहलू यह है कि नेत्रहीन दिव्यांग अभ्यर्थी भी चिन्हित प्रथम और द्वितीय श्रेणी के पदों पर नियुक्ति पा सकेंगे। इससे सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे ऐसे अभ्यर्थियों के लिए अधिकारियों और उच्च श्रेणी के पदों तक पहुंच का रास्ता और स्पष्ट हुआ है।

पद के साथ दिव्यांगता की पात्रता देखना जरूरी

नई सूची में केवल सरकारी पदों के नाम ही महत्वपूर्ण नहीं होंगे। अभ्यर्थियों को आवेदन करते समय संबंधित पद के सामने दर्ज दिव्यांगता कोड और काम की प्रकृति को भी देखना होगा।

यानी किसी पद के लिए दिव्यांग अभ्यर्थी पात्र है या नहीं, यह संबंधित पद के चिह्नांकन और निर्धारित कार्यक्षमता के आधार पर तय होगा।

प्रमोशन का रास्ता भी होगा प्रभावित

सरकार ने व्यवस्था में पदोन्नति को भी शामिल किया है। यदि किसी पद का फीडर कैडर दिव्यांगजनों के लिए चिह्नित है, तो उससे जुड़े पदोन्नति वाले पद को भी उसी आधार पर चिन्हित माना जाएगा।

इसका मतलब है कि व्यवस्था का फायदा केवल नई भर्ती में आने वाले अभ्यर्थियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सेवा में पहले से कार्यरत पात्र दिव्यांग कर्मचारियों के करियर में भी इसका प्रभाव पड़ सकता है।

नियुक्ति से पहले मेडिकल जांच जरूरी

चिन्हित पद पर नियुक्ति के लिए दिव्यांगता संबंधी दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। राज्य मेडिकल बोर्ड द्वारा दिव्यांगता की जांच और प्रमाणपत्र की पुष्टि के बाद संबंधित विभाग अभ्यर्थी की पद के लिए उपयुक्तता का परीक्षण करेगा।

सीधी भर्ती में दिव्यांग आरक्षण का लाभ बेंचमार्क दिव्यांगता वाले और सक्षम प्राधिकारी से जारी स्थायी दिव्यांगता प्रमाणपत्र रखने वाले अभ्यर्थियों को नियमानुसार मिलेगा।

पुरानी सूची में भी कुछ पद रहेंगे लागू

सरकार की नई व्यवस्था के साथ पहले से जारी अधिसूचनाओं को लेकर भी प्रावधान किया गया है। 25 सितंबर 2014 की पूर्व अधिसूचना को अधिक्रमित किया गया है।

वहीं, जिन विभागों के नए या संशोधित पद वर्तमान सूची में शामिल नहीं किए गए हैं, लेकिन वे 25 फरवरी 2026 की पूर्व अधिसूचना में चिन्हित थे, उनके संबंध में पुरानी सूची लागू रहेगी।

सरकारी नौकरी की तैयारी करने वालों के लिए अहम बदलाव

नई सूची जारी होने के बाद दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए यह समझना आसान होगा कि वे अपनी दिव्यांगता की श्रेणी के आधार पर किन सरकारी पदों के लिए पात्र हो सकते हैं।

खास तौर पर नेत्रहीन अभ्यर्थियों के लिए प्रथम और द्वितीय श्रेणी के चिन्हित पदों का प्रावधान सरकारी सेवाओं में उनके लिए उपलब्ध अवसरों का दायरा बढ़ाने वाला कदम माना जा रहा है।

Back to top button