रायपुर : डिजिटल क्रॉप सर्वे जल्द पूरा करें, सूर्यघर योजना के लंबित आवेदनों का करें निराकरण

रायपुर। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कलेक्ट्रेट में आयोजित समय-सीमा फॉलो-अप बैठक में जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने डिजिटल क्रॉप सर्वे का काम जल्द पूरा करने, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के हितग्राहियों के बैंक खातों में सुधार करने और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।

पीएम किसान सम्मान निधि और एग्रीस्टैक की समीक्षा

बैठक में कलेक्टर ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत बैंक खातों में सुधार की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई तेजी से पूरी की जाए।

कलेक्टर ने एग्रीस्टैक की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों में तेजी लाने और मैदानी स्तर पर नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा, ताकि आम लोगों को समय पर योजनाओं का लाभ मिल सके।

प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के काम में तेजी लाने के निर्देश

बैठक में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की भी समीक्षा की गई। इस दौरान प्राप्त आवेदनों, स्वीकृत प्रकरणों, सब्सिडी वितरण और घरों में लगाए गए सोलर सिस्टम की स्थिति की जानकारी ली गई।

कलेक्टर ने लंबित आवेदनों का जल्द निराकरण करने और योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोगों तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए संबंधित विभाग और बैंक आपसी समन्वय के साथ काम करें।

गांवों और वार्डों में चलाएं जागरूकता अभियान

कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए गांवों और शहरी वार्डों में अभियान चलाने तथा शिविर आयोजित करने को कहा। उन्होंने तकनीकी मंजूरी, ऋण स्वीकृति और सब्सिडी वितरण की प्रक्रिया में अनावश्यक देरी नहीं होने देने के निर्देश दिए।

हर सप्ताह जमा करनी होगी प्रगति रिपोर्ट

बैठक में कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों और बैंकों को योजनाओं की प्रगति की साप्ताहिक रिपोर्ट जिला कार्यालय में जमा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के लिए कार्यों की नियमित समीक्षा और विभागों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।

बैठक में नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर, लीड बैंक मैनेजर मोहम्मद मोफिज सहित विभिन्न विभागों, बैंकों, बिजली विभाग और संबंधित एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Back to top button